नगर पालिका गौरीगंज के 10 क्षेत्रों को मिलेगी शहर की बिजली

अमेठी। नगर पालिका गौरीगंज में शामिल किए गए आसपास के करीब 10 गांवों में चुनाव के बाद शहरी क्षेत्र की बिजली का लाभ मिलेगा। ऊर्जा निगम की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों के अनुसार बिजली आपूर्ति की जा रही थी। इसके लिए आवश्यक निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है।
नगर निकाय एक्सटेंशन के नाम से गौरीगंज नगर पालिका के परिसीमन में आए गांवों के लिए ऊर्जा निगम की ओर से छह माह से निर्माण कार्य करवाया जा रहा था। आदर्श आचार संहिता के चलते इसे लागू नहीं किया जा सकता है। अब चुनाव बीतने के बाद इसका लाभ सभी को मिल सकेगा। ऊर्जा निगम गौरीगंज के अधिशासी अभियंता महाबीर सिंह ने बताया कि निर्माण कार्य लगभग पूरे हो गए हैं। शहरी क्षेत्र से जोड़ते हुए नई लाइन का निर्माण कर लिया गया है। करीब 14 किमी लंबी नई लाइन खींची गई है। जिसमें करीब 150 बिजली के खंभे लगाए गए हैं। शहरी क्षेत्रों में जहां पहले से ही 24 घंटे बिजली आपूर्ति का नियम तय किया गया है, तो वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में साढ़े 23 घंटे ही बिजली आपूर्ति की जा रही है। अब नए क्षेत्रों को भी पूरी बिजली मिलेगी।
इन गांवों को मिलेगा लाभ
गौरीगंज नगर पालिका क्षेत्र में परिसीमन के चलते शामिल किए गए मुहल्ले इसके दायरे में हैं। जिसमें मुख्य रूप से राजगढ़, नेनुआ हरखपुर, शोभावतपुर, जेठूपुर, पंडित का पुरवा, बरना टीकर, पूरेजयसिंह, रंजीतपुर, पलिया, पचेहरी आदि मुख्य हैं।