उत्तराखण्ड

लोकसंस्कृति हमारी पहचान और अमूल्य धरोहर : सीएम धामी

मुख्यमंत्री ने लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में किया प्रतिभाग, महान लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा को दी श्रद्धांजलि

नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जनपद नैनीताल के बिन्दुखत्ता में जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति द्वारा आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में प्रतिभाग किया।

मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा महान लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्व. मेहरा के परिजनों को सम्मानित किया तथा उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में उनके योगदान का स्मरण किया।

मुख्यमंत्री ने बिन्दुखत्ता में कम से कम एक हजार लोगों की बैठक क्षमता वाले सांस्कृतिक सभागार के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में विद्यालय, स्टेडियम सहित अन्य प्रस्तावित विकास कार्यों को कराए जाने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने महान लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि वे केवल एक लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ के कठिन जनजीवन, मातृशक्ति के संघर्ष, युवाओं की भावनाओं और सामाजिक चेतना की सजीव अभिव्यक्ति मिलती है। उन्होंने अपने गीतों के माध्यम से समाज को जागरूक करने के साथ ही लोगों को अपनी जन्मभूमि, संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ जैसे गीत के माध्यम से स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा ने बेटियों के सम्मान और उनके जीवन के अधिकार का संदेश दिया, जबकि ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ जैसे गीत में अपनी जन्मभूमि के प्रति गहरा लगाव दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि किसी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यही होती है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला और रचनाएं समाज को प्रेरित करती रहें। स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा ने अपनी लोकगायकी से यह स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री ने उनकी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए उनके परिजनों और प्रशंसकों के प्रयासों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने महोत्सव के आयोजन के लिए जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति को बधाई देते हुए कहा कि लोकथात हमारी लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे आयोजन हमारी लोकभाषाओं, लोकगीतों, लोकसंगीत और पारंपरिक रीति-रिवाजों के संरक्षण के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान केवल यहां की प्राकृतिक सुंदरता से नहीं, बल्कि समृद्ध लोकसंस्कृति, लोकभाषाओं और परंपराओं से भी है। आधुनिकता के इस दौर में अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जो समाज अपनी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखता है, उसकी जड़ें सदैव मजबूत बनी रहती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘विकास भी और विरासत भी’ के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहरों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में विकास कार्यों के साथ ही मानसखण्ड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत ऐतिहासिक एवं पौराणिक मंदिरों के विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की गई है। इसके साथ ही धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और सख्त भू-कानून सहित विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के साथ ही कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button