उत्तराखण्ड

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से की भेंट, उत्‍तराखंड के विकास कार्यों पर हुई चर्चा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भेंट की।इस दौरान मुख्‍यमंत्री धामी ने उनके मार्गदर्शन और केंद्र सरकार से मिल रहे सहयोग पर आभार व्यक्त किया और राज्य में संचालित विकास कार्यों के बारे में अवगत कराया। 

जीएसटी प्रतिकर अवधि बढ़ाए जाने का अनुरोध किया

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से जीएसटी प्रतिकर अवधि बढ़ाए जाने का भी अनुरोध किया। उन्होंने नवीनतम तकनीक व वैज्ञानिक शोध को बढ़ावा देने के लिये भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान की स्थापना और फार्मास्यूटिकल उद्योग के विकास के लिये नेशनल इंस्टीट्यूट आफ फार्मास्यूटिकल एजुकेशन एण्ड रिसर्च की स्थापना का आग्रह किया। 

मुख्यमंत्री ने बागवानी की सम्भावनाओं को देखते हुए प्रधानमंत्री से कश्मीर की तर्ज पर 2000 करोड़ रुपये का बागवानी पैकेज दिये जाने का अनुरोध किया। इस दौरान टीएचडीसी इण्डिया लिमिटेड की अंशधारिता में उत्तर प्रदेश के अंश का उत्तराखण्ड को हस्तांतरित करने के लिए केंद्र सरकार की विशेष पहल का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने चारधाम की तर्ज पर कुमाऊं के पौराणिक स्थलों व मंदिरों को तीर्थाटन से जोड़ने के लिये ‘मानसखण्ड मंदिर माला मिशन’की स्वीकृति दिए जाने का अनुरोध किया। सीएम धामी ने पिथौरागढ़ एयरस्ट्रिप से हवाई सेवाओं के संचालन की अनुमति का भी अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि रेल मंत्रालय द्वारा ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन के निर्माण के लिये फाइनल लोकेशन सर्वे के बाद डीपीआर तैयार कर ली गई है। उन्होंने ऋषिकेश-डोईवाला रेलवे ट्रेक के निर्माण और देहरादून रेलवे स्टेशन को हर्रावाला स्थानांतरित किये जाने की अनुमति दिये जाने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, योग व आयुर्वेदिक चिकित्सा में प्रसिद्ध है। यहां अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना से आयुष पद्धति को बढ़ावा मिलेगा और यहां के युवाओं को रोजगार मिलेगा। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलिंगकांग के मध्य 05 किमी टनल और वेदांग से गो व सिपु तक 20 किमी सड़क मार्ग का निर्माण किये जाने तवाघाट से बेदांग तक का मार्ग कनेक्ट हो जाएगा। यह जौलींगकांग एवं बेदांग की दूरी 161 किमी कम कर देगा। इसी प्रकार सिपु से तोला के मध्य लगभग 22 किमी लम्बाई की टनल के निर्माण से दारमा वैली और जोहर वैली एक दूसरे से जुड़ जाएंगी।

मिलम से लप्थल तक 30 किमी टनल के निर्माण से जनपद पिथौरागढ़ की जोहार घाट व जनपद चमोली का लप्थल सड़क मार्ग से जोड़ा जा सकता है। मुख्यमंत्री ने उक्त तीनों टनलों के निर्माण को स्वीकृति दिये जाने का भी अनुरोध किया।      

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संग शिष्टाचार भेंट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री से अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं के जनपदों में हिम प्रहरी योजना लागू किये जाने में केंद्र से सहयोग का अनुरोध किया।

इसके तहत अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं के जनपदों (उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, चम्पावत और ऊधमसिंहनगर के खटीमा) के गांवों से हो रहे पलायन को रोकने, दैवीय आपदा में राहत व बचाव कार्यों के लिये पुलिस, आईटीबीपी व एसएसबी के सहयोग से दलों का गठन किया जाना प्रस्तावित है।

उक्त दल में शामिल व्यक्तियों को प्रोत्साहन भत्ते के रूप में मानदेय देना प्रस्तावित है। इस पर लगभग 5 करोड़ 45 लाख रुपए का खर्च अनुमानित है। इसमें केंद्र का सहयोग निवेदित है। 

मुख्यमंत्री ने राज्य पुलिस को और अधिक प्रभावी व आधुनिक बनाए जाने के लिये राज्य पुलिस बल आधुनिकीकरण योजना में प्रति वर्ष 20 से 25 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किये जाने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध से पीड़ित महिलाओं के राहत व पुनर्वास के लिये निर्भया फंड बहुत महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार द्वारा निर्भया फंड के लिये केंद्र से 25 करोड़ रुपए का प्रस्ताव प्रेषित किया गया है। मुख्यमंत्री ने उक्त प्रस्ताव को जल्द स्वीकृत किये जाने का भी अनुरोध किया।

इसके अलावा वह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मिले। वह कुछ अन्‍य केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय भूतल परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भी मुलाकात कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद पहली बार सोमवार देर शाम दिल्ली पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने राज्यसभा सदस्य और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी से उनके आवास पर मुलाकात की थी। दोनों के बीच उत्तराखंड के विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

वित्तीय सहायता की योजना के तहत शेष 162 करोड़ रुपये की राशि भी अवमुक्त

वहीं भारत सरकार के वित्त मंत्रालय ने वित्तीय सहायता की योजना के तहत उत्तराखंड के लिए 527 करोड़ रुपये स्वीकृत किये गये हैं। इस मद में पूर्व में 365 करोड़ की राशि अवमुक्त की गई थी। अब शेष 162 करोड़ रुपये की राशि भी अवमुक्त कर दी गई है। इस प्रकार भारत सरकार द्वारा पूरी धनराशि 527 करोड़ अवमुक्त कर दी गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया है।

राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी से मुलाकात की

सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली के लिए रवाना हुए। इससे पहले पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय नेतृत्व का योगदान रहा।

उन्हीं के दिशा-निर्देशन में अभियान चलाया गया। इसी कारण उत्तराखंड में भाजपा को दो-तिहाई बहुमत मिला है। इसीलिए अब वह प्रधानमंत्री व राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार प्रकट करने दिल्ली जा रहे हैं।

 

दिल्ली पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों के बीच राज्य से संबंधित विषयों पर दो घंटे से अधिक चर्चा हुई।

सांसद अनिल बलूनी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि पौड़ी व टिहरी जिलों को जोडऩे के लिए सिंगटाली पुल के निर्माण की लंबे समय से मांग चल रही है। इसका कार्य प्रारंभ करने की जरूरत है। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही वह जनहित के इस विषय पर कार्रवाई करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button