ऑपरेशन प्रहार : स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार

बहादराबाद/ हरिद्वार (बी बी चंदेला) l ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत बहादराबाद पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 5.4 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी एवं नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 13 सितंबर को शांतरशाह से भारापुर भौरी जाने वाले रास्ते पर पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में मिले युवक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 5.4 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी की पहचान राहिल पुत्र अमजद, निवासी होटल ड्रीमलैंड कॉलोनी, बहादराबाद, हरिद्वार, उम्र 20 वर्ष के रूप में की है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली बहादराबाद में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अजय कुमार, प्रभारी चौकी शांतरशाह, कांस्टेबल वीरेंद्र शर्मा और कांस्टेबल हिमांशु पंत शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




