उत्तराखण्ड

बकरियां चुगाने गए युवक की भालू के हमले में मौत

उत्तरकाशी: जनपद के भटवाड़ी प्रखंड के रैथल गांव निवासी एक युवक की भालू के हमले में मौत हो गई । युवक का शव गांव से करीब दो किमी दूर जंगल में चट्टान के बीच पड़ा हुआ मिला। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

मिली जानकारी अनुसार भटवाड़ी निवासी अजय राणा (33) पुत्र देवेंद्र सिंह राणा गत बुधवार सुबह बकरियां चराने जंगल गया था। जब वह शाम तक नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन की। बृहस्पतिवार सुबह अजय का शव गांव से करीब दो किमी दूर चट्टान के बीच में पड़ा हुआ मिला। सूचना वन क्षेत्राधिकारी टकनौर रेंज रूपमोहन नौटियाल को दी गई। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत से शव को चट्टान के बीच से निकाला।

वन क्षेत्राधिकारी रूपमोहन नौटियाल ने बताया कि युवक के शव पर भालू के पंजों के निशान हैं। उसकी सिर को भी भालू ने हमलाकर क्षत-विक्षत किया है। ऐसा प्रतीत होता है कि भालू युवक को घसीट कर चट्टान में ले गया था। शव को पोस्ट मार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। रिपोर्ट के साथ जांच कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर युवक के परिजनों को मुआवजा मिल पाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button