देश

पश्चिमी विक्षोभ से उत्तर में बारिश-बर्फबारी, कई राज्यों में पारा शून्य

नई दिल्ली : उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती प्रणालियों ने पहाड़ों से लेकर मैदानी राज्यों तक ठंड को तीखा कर दिया है। दिल्ली- एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में शीतलहर का असर गहराता जा रहा है। जबकि उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचे इलाकों में शून्य से नीचे तापमान से जनजीवन चुनौतीपूर्ण बना दिया है।

मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार दिसंबर की शुरुआत के साथ ही उत्तर भारत के मौसम में तेज बदलाव दर्ज किया जा रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में जहां बर्फबारी की संभावना बढ़ी है, वहीं मैदानी राज्यों में कड़ाके की ठंड और कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और कई चक्रवाती प्रसार अगले दिनों में मौसम को और अधिक परिवर्तित कर सकते हैं।

हिमाचल प्रदेश इस समय शुष्क और अत्यंत ठंडे मौसम से गुजर रहा है। कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। मौसम केंद्र शिमला ने 5 से 7 दिसंबर के बीच चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों के ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की आशंका जताई है।

कश्मीर घाटी भीषण ठंड की चपेट में है। कई स्थानों पर पारा लगातार शून्य से नीचे बना हुआ है। श्रीनगर में तापमान माइनस 4.0 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में माइनस 4.8 है। लेह में तापमान माइनस 9.0, कारगिल में 7.8, और नुब्रा घाटी में माइनस 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है।  जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और झारखंड में अगले दिनों शीतलहर जारी रह सकती है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत के बड़े हिस्सों में अगले 24 घंटे न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन अगले 4 दिन में तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। पूर्वी, मध्य और पूर्वोत्तर में अगले 2 दिन में तापमान गिरने के आसार है। महाराष्ट्र में अगले 5 दिन रात के तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद 2 दिन में तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस गिर सकता है। गुजरात में अगले 7 दिन तक तापमान लगभग स्थिर रहने का अनुमान है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button