उत्तर भारत में मौसम ने ली करवट, आज यहां तेज आंधी और बारिश के आसार

नई दिल्ली : पिछले कई दिनों से गर्मी की मार झेल रहे उत्तर भारत के लोगों को बुधवार शाम को बारिश होने के बाद काफी राहत मिली। बारिश होने से जहां मौसम सुहाना हो गया वहीं तापमान में भी गिरावट आई। मौसम विभाग ने कहा है कि फिलहाल एक सप्ताह तक अभी लोगों को राहत मिली रहेगी। बारिश से लोगों को गर्मी से तो निजात मिली लेकिन कई लोगों के लिए जानलेवा भी साबित हुई। यूपी, हरियाणा, हिमाचल में 10 से अधिक लोगों की मौत की खबर भी आई। छह मई को दक्षिण अंडमान सागर में कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है। इसके बाद ये अधिक सक्रिय होगा और गहरे दबाव में तब्दील होकर चक्रवात का रूप ले सकता है।
इन राज्यों में आज भी बारिश के आसार
उत्तरप्रदेश, हरियाणा, हिमाचल, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तेलंगाना, सिक्किम, असम, मेघालय, नगालैंड, मिजोरम, उत्तर पूर्व के कई राज्यों में बारिश के आसार हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने छह मई को चक्रवात आने का अनुमान जारी किया है। इस चक्रवात को असानी कहा जाएगा। यह नाम श्रीलंका ने दिया है। अगर ये चक्रवात आकार लेने में सफल होता है तो लगातार यह तीसरा साल होगा जब भारत के समुद्री इलाकों में तूफान आएगा। इससे पहले 2020 में अम्फान तूफान ने पश्चिम बंगाल और फिर 2021 में यास तूफान ने ओडिशा को प्रभावित किया था। इस बार असानी तूफान भी ओडिशा के स्थल भाग से ही टकरा सकता है।