उत्तरप्रदेश

उत्‍तर प्रदेश में आज देश के 15वें राष्‍ट्रपत‍ि के ल‍िए मतदान शुरु, सीएम योगी और ओपी राजभर सह‍ित कई व‍िधायकों ने डाला वोट

लखनऊ, देश के 15वें राष्‍ट्रपत‍ि के ल‍िए यूपी के विधान भवन में मतदान शुरु हो गया है। मुख्‍यमंत्री योगी आद‍ित्‍यनाथ ने व‍िधान भवन के ति‍लक हाल में अपना वोट डाला। राष्ट्रपति चुनाव के मतदान के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने केंद्र सरकार के उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग के अपर सचिव राजीव सिंह ठाकुर को प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। विधान भवन के तिलक हाल में मतदान स्थल बनाया गया है। राष्ट्रपति के चुनाव के लिए सहायक रिटर्निंग अफसर व पीठासीन अधिकारी बृजभूषण दुबे को नियुक्त क‍िया गया है। राष्ट्रपति चुनाव के मद्देनजर लखनऊ में विधानसभा के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। 

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अख‍िलेश यादव ने राष्‍ट्रपत‍ि चुनाव के ल‍िए वोट डालने से पहले कहा क‍ि मैं यशवंत स‍िन्‍हा के ल‍िए मतदान करूंगा। देश में कोई ऐसा भी होना चाह‍िए जो समय समय पर देश की आर्थि‍क हालात के बारे में सरकार को बता सके। हम सभी श्रीलंका के हालात देख रहे हैं। ऐसे में हमे सोच समझकर काम करने की जरूरत है। 

राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए विधान भवन के तिलक हाल में सुबह 10 बजे से मतदान शुरू हुआ। पहला वोट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डाला। उनके साथ मतदान करने आए संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने भी वोट डाला। उसके बाद मतदान का सिलसिला लगातार जारी है। भाजपा, सपा, अपना दल (एस) आदि दलों के विधायक डाल रहे हैं वोट।

विधान भवन के मुख्य भवन से नवीन भवन स्थित तिलक हाल की ओर जाने वाले ब्रिज पर मतदान के लिए प्रतीक्षा कर रहे विधायकों की लाइन लगी है। गन्ना मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह, शलभ मणि त्रिपाठी, सपा विधायक अभय सिंह, राकेश प्रताप सिंह मतदान के लिए लाइन में लगे हैं।

बता दें क‍ि राष्ट्रपति चुनाव के लिए भाजपा गठबंधन के पास वोटों की बड़ी पूंजी है। इसके बावजूद पार्टी चाहती है कि एक भी वोट खराब न हो, ताकि विपक्षी प्रत्याशी यशवंत सिन्हा से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू की जीत का अंतर अधिक से अधिक रहे। पिछले चुनाव में हुई गलतियों से सबक लेते हुए शनिवार और रव‍िचार को मतदाता विधायकों का माकड्रिल हुआ और प्रशिक्षण भी द‍िया गया था।

राष्ट्रपति चुनाव के लिए राजग प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को उत्तर प्रदेश से बड़ी जीत तय है। भाजपा गठबंधन के 273 विधायकों के साथ ही सपा गठबंधन से बगावत कर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर और सपा मुखिया अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव ने मुर्मू को समर्थन देने की घोषणा की थी।

बसपा मुखिया मायावती और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह पहले ही राजग प्रत्याशी के समर्थन में आ चुके थे। इनमें राजभर के पास छह वोट, रघुराज प्रताप सिंह के पास दो, मायावती के पास एक और शिवपाल के पास भी अपना अकेला वोट है। इस तरह कुल 281 विधायकों के अलावा भाजपा के 64 लोकसभा व 25 राज्यसभा सदस्यों और बसपा के 10 लोकसभा व एक राज्यसभा सदस्य का वोट राजग प्रत्याशी को मिलना तय है। आबादी के गणित से उत्तर प्रदेश के विधायकों का मूल्य सर्वाधिक 208 है, जबकि प्रति सांसद मत मूल्य 700 है।

इस तरह मुर्मू यूपी से तो यशवंत सिन्हा को काफी पीछे छोड़ रही हैं। फिर भी हर चुनाव को बेहद गंभीरता से लड़ने वाली भाजपा की मंशा है कि राष्ट्रपति चुनाव में भी एक भी वोट खराब न हो। वहीं, मुख्यमंत्री ने ‘पूरा वोट, सही वोट’ का मंत्र दिया। कहा कि उत्तर प्रदेश के विधायकों का मत मूल्य सबसे अधिक है। हर हाल में सभी विधायक वोट डालें और सही डालें। किसी प्रकार की गलती न हो, ताकि राजग प्रत्याशी को जिताने में यूपी अपनी मजबूत भूमिका निभा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button