उत्तराखण्ड

उत्तराखंड मौसम: प्रदेश में 21 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग ने दी सतर्क रहने की सलाह

देहरादून। उत्तराखंड में आज से 21 जुलाई तक मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहेंगी। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी विज्ञप्ति में 18 से 21 जुलाई के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। देहरादून समेत कई जिलों के लिए भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि वर्तमान में बंगाल, झारखंड और ओडिशा क्षेत्र में सक्रिय कम दबाव का क्षेत्र और मानसून ट्रफ के प्रभाव से उत्तराखंड में भारी वर्षा की स्थिति बन रही है। 18 जुलाई को देहरादून, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ जिले में भी भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। 19 जुलाई को देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, टिहरी, नैनीताल समेत कई जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की गई है। 20 जुलाई को भी देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और पौड़ी में भारी से बहुत भारी वर्षा के आसार हैं, जबकि 21 जुलाई को बागेश्वर में विशेष अलर्ट जारी किया गया है।

लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और मलबा आने का खतरा बढ़ गया है। नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे बाढ़ की स्थिति बन सकती है। निचले इलाकों में जलभराव, सड़कों के क्षतिग्रस्त होने और यातायात प्रभावित होने की भी आशंका है। मौसम वैज्ञानिकों ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है। संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने, नदी-नालों से दूर रहने और खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है। इसके अलावा निर्माण कार्यों को अस्थायी रूप से रोकने, किसानों को फसलों की सुरक्षा के उपाय करने और प्रशासन को आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button