उत्तराखण्ड

उत्तराखंड : दून समेत तीन जिलों में बारिश का रेड अलर्ट, 57 सड़कें बंद, चारधाम यात्रा स्थगित

देहरादून l उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में आज भी मौसम बदला रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून समेत पौड़ी और टिहरी जिले के कुछ इलाकों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। जबकि अन्य जिलों में भी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को मौसम खराब होने के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही अनावश्यक रूप से पर्वतीय इलाकों में यात्रा करने से बचने की सलाह दी है।

प्रदेश में 57 मार्ग बंद

राज्य में बारिश और भूस्खलन के चलते 57 मार्ग बंद है। इसमें अल्मोड़ा में दो, बागेश्वर चार, चमोली आठ, देहरादून आठ और नैनीताल में 11 मार्ग बंद है। पौड़ी तीन, पिथौरागढ़ 11, रुद्रप्रयाग तीन, टिहरी पांच और उत्तरकाशी में दो सड़क बंद है। इसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बारिश से नदियों का जल स्तर खतरे के निशान के पास पहुंच गया है। हरिद्वार में शाम चार बजे गंगा नदी का जल स्तर खतरे के निशान से तीन मीटर नीचे रह गया था। रुद्रप्रयाग में अलकनंदा और मंदाकिनी नदी और बागेश्वर में सरयू नदी का जल स्तर भी खतरे के निशान के पास पहुंच गया।

चारधाम यात्रा स्थगित:* यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए चारधाम यात्रा रविवार तक स्थगित कर दी गई है। गढ़वाल आयुक्त ने मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया है।

अन्य असर
– बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब, गंगोत्री-यमुनोत्री की ऊंची चोटियों पर सीजन की पहली बर्फबारी
– नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के पास, हरिद्वार में गंगा का स्तर बढ़ा हुआ
– आदि कैलाश और ओम पर्वत के लिए इनर लाइन परमिट भी रोके गए

प्रशासन की अपील है कि बहुत जरूरी होने पर ही पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करें और मौसम विभाग की चेतावनी का पालन करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button