उत्तराखंड कैडर की IPS रचिता जुयाल ने नौकरी से दिया इस्तीफा, निजी कारणों का दिया हवाला

देहरादून। उत्तराखंड कैडर की महिला ips अधिकारी रचिता जुयाल ने नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने इसकी पुष्टि की है।
पुलिस अधीक्षक विजिलेंस रचिता जुयाल ने शुक्रवार को मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन व पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ को त्याग पत्र सौंपा है। डीजीपी सेठ ने बताया कि महिला अधिकारी ने त्यागपत्र के पीछे निजी कारण बताए हैं। उन्होंने कहा कि महिला अधिकारी का त्यागपत्र केंद्र सरकार को भेजा जाना है। फैसला केंद्र सरकार को ही लेना है।
रचिता अपनी कर्तव्यनिष्ठा, सख्त कार्यप्रणाली और शांत स्वभाव के लिए जानी जाती रही हैं। उन्होंने पिछले 10 साल में कई अहम पदों पर जिम्मेदारी निभाई है।
रचिता के पिता भी पुलिस सेवा में रह चुके हैं। साल 2015 में UPSC पास करने के बाद आईपीएस अधिकारी बन गईं। आईपीएस रचिता जुयाल सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं। रचिता ने सोशल मीडिया के जरिए ही अपनी लव स्टोरी के बारे में लोगों को बताया था। आईपीएस रचिता ने बताया कि कोरोना महामारी की दूसरी लहर के दौरान उनकी मुलाकात यशस्वी जुयाल नाम के एक शख्स से हुई। जिससे उन्हें प्यार हो गया और फिर शादी कर ली। यशस्वी जुयाल एक आर्टिस्ट और सोशल वर्कर हैं। वह फेमस डांसर, कोरियोग्राफर और टीवी होस्ट राघव जुयाल के भाई हैं।




