यूपी ने पेश किया गया 9.13 लाख करोड़ का बजट, प्रदेश के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा बजट; इन नई योजनाओं की घोषणा

लखनऊ । उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 9 लाख 12 हजार 696 करोड़ 35 लाख रुपये का अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश किया है। यह बजट पिछले वर्षों की तुलना में एक लाख करोड़़ रुपये ज्यादा है। बजट राज्य को दस खरब डालर अर्थव्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ाने का रोडमैप प्रस्तुत करता है।
बजट में 1.77 लाख करोड़ रुपये से अधिक का पूंजीगत परिरव्यय प्रस्तावित है, जबकि 50 से अधिक नई योजनाओं के जरिए महिलाओं, युवाओं, किसानों, उद्योग और बुनियादी ढांचे पर विशेष फोकस रखा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने 2026-27 का बजट प्रस्तुत करते हुए इसे ‘विकसित भारत के संकल्प’ और ‘विजन-2047’ की दिशा में निर्णायक कदम बताया। पिछले वर्षों में बजट का आकार लगातार बढ़ा है। 2017-18 में जहां बजट लगभग 3.85 लाख करोड़ था, वहीं 2026-27 में यह बढ़कर 9.13 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है। यानी नौ वर्षों में बजट आकार दोगुने से भी अधिक हो गया है।
यह बजट आकार, पूंजीगत निवेश पर जोर, नई योजनाओं की संख्या और महिला-युवा-किसान केंद्रित दृष्टिकोण के साथ राज्य को तेज आर्थिक वृद्धि के पथ पर आगे बढ़ाने का प्रयास है। सरकार ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अब फोकस ‘संतुलित, समावेशी और सतत विकास’ पर है।




