उत्तरप्रदेश

यूपी का बजट आज : चुनावी साल में हो सकती है तोहफों की बारिश

लखनऊ। प्रदेश सरकार के बुधवार को पेश होने वाले बजट में चुनाव की झलक दिखाई देगी। करीब 9 से 9.5 लाख करोड़ के बजट में निवेश, रोजगार, बुनियादी विकास और कल्याणकारी योजनाओं की मद में सबसे अधिक धनराशि का आवंटन होगा। बजट का एक चौथाई हिस्सा इंफ्रास्ट्रक्चर की मद में होगा।

वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पेश होने वाला यह आखिरी पूर्ण बजट कई मायनों में ऐतिहासिक होगा। बजट का केंद्र क्षेत्रीय विकास होगा। खास तौर पर पूर्वांचल और बुंदेलखंड के क्षेत्रीय असंतुलन को खत्म करने के लिए सरकार बड़ी सौगात दे सकती है। पूर्वांचल और बुंदेलखंड विकास निधि के लिए लगभग 1900 करोड़ रुपये आवंटित हो सकते हैं, जो पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में करीब 700 करोड़ रुपये ज्यादा है। इससे दोनों क्षेत्रों के 37 पिछड़े जिलों में तेज विकास होगा

मिल सकता है मोटा पैकेज

बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) को सरकार मोटा पैकेज दे सकती है। बीडा के लिए 56 हजार एकड़ जमीन का अधिग्रहण होना है। अभी 23 हजार एकड़ से ज्यादा जमीन का अधिग्रहण शेष है। इस मद में बजट में प्रावधान किया जा सकता है। नए एक्सप्रेस वे के लिए 1000 करोड़ से ज्यादा की व्यवस्था हो सकती है। लखनऊ-आगरा और पूर्वांचल एक्सप्रेस को जोड़ने के लिए धनराशि दी जा सकती है। जेवर एयरपोर्ट को गंगा एक्सप्रेस वे से जोड़ने के लिए लिंक एक्सप्रेस वे और चित्रकूट लिंक एक्सप्रेस वे को भी धनराशि आवंटित की जा सकती है।

जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत निराश्रित महिलाओं और वृद्धजनों के लिए पेंशन में 500 रुपये की वृद्धि हो सकती है। स्वयं सहायता समूहों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और केंद्र सरकार की शी-मार्ट योजना को भी बजट में स्थान मिल सकता है। मेधावी छात्राओं को स्कूटी का संकल्प इस वर्ष पूरा होगा। वहीं 1.43 लाख शिक्षा मित्रों का मानदेय 10 हजार से बढ़ाकर 17 से 20 हजार रुपये किया जा सकता है। इसके लिए बजट में 250 करोड़ से 275 करोड़ की व्यवस्था की जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button