उत्तराखण्ड

दूधियाबंद जंगल में मिले अज्ञात शव का खुलासा दंपती गिरफ्तार

प्रेम संबंध में परिवार छोड़ने का दबाव बना रहा था मृतक
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। कोतवाली नगर हरिद्वार क्षेत्र के दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में 17 सितंबर की सुबह मिले अज्ञात पुरुष के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बिजनौर निवासी गोपाल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक के एक महिला से संबंध थे और वह महिला पर परिवार छोड़कर उसके साथ आने का दबाव बना रहा था। महिला ने पूरी बात अपने पति को बताए जाने के बाद पति ने अपने भाई व एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। पुलिस ने मामले में घटना में प्रयुक्त लोहे का चापड़ बरामद किया है। दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक 17 सितंबर की सुबह दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद हुआ था। मृतक के पास बिजनौर की बस का टिकट मिला था, लेकिन पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं था। इसके बाद पुलिस ने आसपास के थानों और सीमावर्ती जनपदों की पुलिस से संपर्क कर शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। 20 सितंबर को हरिद्वार पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान गोपाल पुत्र उमा चरण, निवासी नई बस्ती, आबकारी चौकी के पास बिजनौर, उम्र करीब 50 वर्ष के रूप में की।
मृतक के बेटे आशु कुमार की तहरीर पर कोतवाली नगर हरिद्वार में मुकदमा अपराध संख्या 523/2026, धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए जांच तेज की। विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सोमवार को मोतीचूर रेलवे स्टेशन से एक दंपती को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में पता चला कि नरेंद्र का फेफड़ों में पानी भरने के कारण मेरठ के एक अस्पताल में उपचार चल रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी की मृतक गोपाल से जान-पहचान हुई। आरोप है कि गोपाल ने किसी माध्यम से महिला का मोबाइल नंबर हासिल कर उससे बातचीत शुरू की। बाद में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। पुलिस के मुताबिक मृतक महिला की आर्थिक मदद भी करता था और बाद में उस पर अपना परिवार छोड़कर उसके साथ आने का दबाव बनाने लगा।
पुलिस के अनुसार रक्षाबंधन के दौरान महिला अपने प्रेमी से मिलने बिजनौर पहुंची थी। इसी दौरान पति को दोनों के संबंधों की जानकारी हुई। आरोप है कि मृतक ने महिला के पति से मारपीट भी की थी। इसके बाद विवाद बढ़ गया। पुलिस के मुताबिक मृतक लगातार महिला को फोन कर अपने साथ आने का दबाव बना रहा था और अश्लील वीडियो वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी भी दे रहा था। परेशान होकर महिला ने अपने पति को पूरी जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार इसके बाद नरेंद्र ने अपनी पत्नी, अपने भाई और गांव के एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर गोपाल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। आरोप है कि इसके लिए गांव के एक व्यक्ति को 50 हजार रुपये में साथ लिया गया। योजना के तहत 16 सितंबर को महिला ने गोपाल को मिलने के लिए हरिद्वार बुलाया। रात के समय महिला उसे गंगा घाट की ओर ले गई। पुलिस के मुताबिक शराब और खाना खाने के बाद जब गोपाल घाट पर सो गया तो पहले से छिपे नरेंद्र और उसके साथियों ने चापड़ व छुरी से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मृतक का मोबाइल फोन और पर्स निकालकर गंगा में फेंक दिया गया और आरोपी वहां से फरार हो गए।
पुलिस ने मामले में नरेंद्र पुत्र ओम प्रकाश निवासी ग्राम मोमिनपुर दर्गो भारेरा कोतवाली बिजनौर उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का चापड़ भी बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक प्रकरण में फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नंद किशोर ग्वाड़ी, उपनिरीक्षक नवीन सिंह चौहान, नवीन नेगी, खेमेंद्र गंगवार, अंशुल अग्रवाल, अपर उपनिरीक्षक संदीप वर्मा, हेड कांस्टेबल संजय कुमार पाल, सतीश नौटियाल, कांस्टेबल अजीत तोमर, निर्मल, राकेश कुमार, पवन तथा महिला कांस्टेबल शोभा शामिल रहे। सहयोगी टीम में सीआईयू प्रभारी नरेंद्र बिष्ट और कांस्टेबल वसीम शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button