कुनाऊ गांव के पास गंगा में बहे दो किशोर, SDRF ने एक का शव किया बरामद, दूसरे की तलाश जारी

ऋषिकेश। आज सुबह लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुनाऊ गांव के पास गंगा नदी में दो किशोरों के बहने की सूचना प्राप्त हुई है। ये दोनों किशोर, ईशान बिजलवान (15 वर्ष) और दीपेश रावत (15 वर्ष), बीस बीघा क्षेत्र के निवासी हैं। उनके परिवारजन भी घटनास्थल पर उपस्थित हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम तुरंत सर्च अभियान में जुट गई। डीप डाइवर मातवर सिंह के नेतृत्व में संभावित स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया।
सुबह लगभग 10:22 बजे, एसडीआरएफ के डीप डाइवर ने नदी की गहराई में जाकर एक किशोर, ईशान बिजलवान, को बरामद कर लिया। इसके बाद उसे स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया। हालांकि, दूसरे किशोर, दीपेश रावत, की तलाश अभी भी जारी है।
घटना से पूरा बीस बीघा क्षेत्र शोक में डूबा हुआ है, और प्रशासन की तरफ से हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं कि दूसरे किशोर को जल्द से जल्द खोजा जा सके।




