उत्तराखंड में आज से 26 जून तक भारी बारिश का अलर्ट

देहरादूनउ। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों के कुछ हिस्सों में आज से भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग ने 22 से 26 जून तक राज्य के देहरादून, नैनीताल, टिहरी, चंपावत में कहीं-कहीं पर भारी वर्षा होने की संभावना जताई है। इसके मद्देनजर यूएसडीएमए के अधीन राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसओईसी) ने संबंधित जिलों के डीएम को पत्र भेजकर सावधानी बरतने को कहा है। इसमें आपदा प्रबंधन आईआरएस के नामित अधिकारी व विभागीय नोडल अधिकारी अलर्ट पर रहेंगे। देहरादून सुबह से बादल छाए हए हैं बीच-बीच में बारिश भी हो रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के निदेशक डॉ. विक्रम सिंह ने बताया कि मॉनसून ने उत्तराखंड में अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। कुमाऊं के रास्ते मॉनसून ने समय पर दस्तक दी है और अगले एक-दो दिनों में यह पूरे प्रदेश को अपनी जद में ले लेगा। उन्होंने कहा कि इस बार मॉनसून सामान्य से 15% ज्यादा बरसेगा। अगले एक सप्ताह तक रुक-रुककर हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
जिलों में बारिश का अलर्ट
- देहरादून और नैनीताल: भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट। सड़कों पर जलभराव और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।
- टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, चंपावत: भारी बारिश की संभावना, येलो अलर्ट के साथ सतर्कता की सलाह।
- अन्य जिले: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़ समेत सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं (30-50 किमी/घंटा), और आकाशीय बिजली का खतरा।




