उत्तराखण्ड

नशीले इंजेक्शन व गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

रानीपुर पुलिस व एएनटीएफ के संयुक्त अभियान
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रानीपुर पुलिस व एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों से दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 20 ग्राम गांजा, 15 नशीले इंजेक्शन, 3170 रुपये की नकदी और तस्करी में इस्तेमाल बाइक बरामद की है।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर चल रही कार्रवाई के तहत पुलिस टीम ने पांच अक्टूबर की चेकिंग के दौरान सुमननगर क्षेत्र से मोहम्मद फैजान निवासी बिजनौर, हाल निवासी सलेमपुर, रानीपुर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 2 किलो 20 ग्राम गांजा और गांजा बेचकर प्राप्त किए गए 2000 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सलेमपुर गंदे नाले के पास नाई की दुकान चलाता है और अपने साथी से गांजा लेकर ग्राहकों को बेचता था। मामले में रानीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर उसके साथी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
वहीं संयुक्त टीम ने रात के समय फाउंड्री गेट से धीरवाली जाने वाली सड़क के पास चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार मोहम्मद आदिल निवासी शामली हाल निवासी ज्वालापुर को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 15 ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन और नशीले इंजेक्शन बेचकर प्राप्त 1170 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में आदिल ने पुलिस को बताया कि उसने एक व्यक्ति से 25 इंजेक्शन 1250 रुपये में खरीदे थे, जिनमें से 10 इंजेक्शन युवकों को 250 रुपये प्रति इंजेक्शन के हिसाब से बेच दिए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया। इस मामले में कथित सप्लायर समेत आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद फैजान (19) पुत्र मोहम्मद इमरान निवासी बिरामपुर बिजनौर हाल निवासी सलेमपुर रानीपुर और मोहम्मद आदिल (26) पुत्र इमरान निवासी झिंझाना, शामली हाल निवासी पांवधोई ज्वालापुर के रूप में हुई है।
कार्रवाई करने वाली रानीपुर पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उपनिरीक्षक पुनीत दनौसी, उपनिरीक्षक अशोक सिरसवाल, हेड कांस्टेबल शिवराज शर्मा, कांस्टेबल जयदेव, महेंद्र तोमर और कुंवर राणा शामिल रहे। एएनटीएफ टीम का नेतृत्व प्रभारी शांति कुमार ने किया, जबकि हेड कांस्टेबल रियाज अली टीम में शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button