उत्तराखण्ड

एटीएम बदल कर 13,200 रुपये उड़ाने वाले दो शातिर गिरफ्तार

आठ एटीएम, स्कॉर्पियो और नकदी बरामद
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। एटीएम में मदद के बहाने कार्ड बदल कर लोगों के खातों से रुपये उड़ाने वाले गिरोह का ज्वालापुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से आठ एटीएम कार्ड, एक आधार कार्ड, 8500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक एनडीपीएस और दूसरा चोरी के मामले में पहले भी जेल जा चुका है।
मामला 23 अगस्त का है। ज्वालापुर के कटहरा बाजार स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम पर मोहल्ला कड़च्छ निवासी वरिष्ठ नागरिक महेंद्र सिंह पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपियों ने धोखे से उनका एटीएम कार्ड बदल लिया और फरार हो गए। कुछ देर बाद उनके खाते से 13,200 रुपये निकाल लिए गए। शिकायत मिलते ही ज्वालापुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर निर्देश पर टीम ने एटीएम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की लगातार चेकिंग की गई। इसी दौरान 25 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने काले रंग की स्कॉर्पियो को रोककर जांच की। वाहन में बैठे दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने दोनों को दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने 23 अगस्त को प्रतापगढ़ से हरिद्वार आकर एटीएम बदलने की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। तलाशी में पीड़ित का एटीएम कार्ड समेत सात अन्य एटीएम, आधार कार्ड और 8500 रुपये बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहनूर पुत्र भूरान निवासी जलालपुर दादा, भगवानपुर, हरिद्वार और शफीक पुत्र रईस निवासी ग्राम महुली, प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार शाहनूर पूर्व में एनडीपीएस और शफीक चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक हर्ष अरोड़ा, उपनिरीक्षक समीप पांडेय, उपनिरीक्षक गगन मैठाणी सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button