उत्तरप्रदेशउत्तराखण्ड

पत्रकार पंकज मिश्रा की हत्या के आरोप में न्यूज पोर्टल संचालक समेत दो आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। पत्रकार पंकज मिश्रा की हत्या के आरोप में पुलिस ने न्यूज पोर्टल चलाने वाले अमित सहगल और उसके मुंबई निवासी दोस्त पार्थोशील को बुधवार शाम गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले पुलिस ने दोनों से पूरे दिन पूछताछ की।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पता चला कि दोनों आरोपी घटना के एक दिन पहले मिश्रा के घर गए और उनके साथ मारपीट की। आरोपी वहां से मिश्रा और उनकी पत्नी के फोन भी अपने साथ लेकर आए थे। उधर, बुधवार को मिश्रा के शव का दोबारा डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया।

मृत्यु की वजह स्पष्ट न होने के कारण डॉक्टरों ने फिर से विसरा सुरक्षित रखने की सलाह दी है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि दून विहार क्षेत्र में एक घर में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। मौके पर राजपुर थाना पुलिस पहुंची तो पता चला कि यह घर स्वतंत्र पत्रकार पंकज मिश्रा का है जो यहां किराए पर रहते हैं।

पंकज मिश्रा फर्श पर पड़े हुए थे। एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उनका पोस्टमार्टम कराया गया लेकिन मृत्यु की वजह स्पष्ट नहीं हुई। एसएसपी ने बताया कि पंकज मिश्रा के भाई लखनऊ निवासी अरविंद मिश्रा व अन्य परिजनों ने उनसे मुलाकात की थी।

पंकज मिश्रा के भाई के अनुसार सोमवार रात अनारवाला कैंट निवासी अमित सहगल और उसका दोस्त मुंबई निवासी पार्थोशील पंकज मिश्रा के घर आए थे। आरोप है कि इन दोनों ने पंकज मिश्रा के साथ गाली गलौज की और फिर मारपीट करने लगे। कुछ देर बाद दोनों ने मिश्रा और उनकी पत्नी का फोन छीन लिया। इस पर दोनों के खिलाफ हत्या, मोबाइल चोरी, घर में घुसकर हमला करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। परिजनों ने यह भी मांग की कि मिश्रा का दोबारा पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया जाए।

परिजनों की मांग पर दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद अमित सहगल और पार्थोशील को पूछताछ के लिए बुलाया गया। गहन पूछताछ के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में परिजनों और आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। मौके पर फोरेंसिक जांच कराने के बाद वहां के सीसीटीवी फुटेज भी देखी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button