उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

कांवड़ मेले की भीड़ में चेन झपटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

कनखल पुलिस ने किया वारदात का खुलासा
लूटी गई सोने की चेन बरामद आरोपी
भूदेव के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। कांवड़ मेले के दौरान बैरागी कैंप में महिला के गले से सोने की चेन झपट कर फरार हुए दो आरोपियों को कनखल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन भी बरामद की है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान उमड़ी भारी भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपियों में भूदेव पुत्र राजेश कुमार निवासी नेहरू रोड बड़ौत, उत्तर प्रदेश व करण पुत्र सतपाल निवासी मोहनपुरी, गोण्डा चौक भजनपुरा नई दिल्ली शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार 15 अगस्त को बैरागी कैंप कनखल क्षेत्र में कांवड़ियों की भारी भीड़ थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के संबंध में कुश शर्मा पुत्र कमल शर्मा निवासी फेस-3, जगजीतपुर कनखल ने 21 अगस्त को पुलिस को सूचना दी। शिकायत के आधार पर थाना कनखल में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर कनखल पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों की पड़ताल करने के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए। संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी हासिल करने के लिए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
पुलिस टीम ने लगातार संदिग्धों की तलाश और उपलब्ध साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसी दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे। 23 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने जियापोता के पास घेराबंदी कर दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से महिला से झपटी गई सोने की चेन बरामद कर ली गई। पुलिस के मुताबिक बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। आरोपी भूदेव का आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
गिरफ्तार आरोपी भूदेव के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस को मिली है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ थाना ट्रांसपोर्ट नगर मेरठ में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामला दर्ज है। इसके अलावा थाना बड़ौत में भी आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज है।
भूदेव के खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार में उमड़ी भारी भीड़ को अपने लिए मौका बनाया। भीड़भाड़ वाले इलाकों में श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच महिलाओं को निशाना बनाकर चेन झपटने के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो जाते थे। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने इससे पहले इस तरह की कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। चेन स्नेचिंग की घटना का खुलासा करने वाली टीम में एसएचओ देवेन्द्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक नरेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक अमित नौटियाल, उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह चौहान, अपर उपनिरीक्षक मुन्ना नेगी, कांस्टेबल उमेद सिंह, सतेन्द्र रावत, भूपेन्द्र सिंह, विशन चौहान और जितेन्द्र राणा शामिल रहे।
सर्विलांस टीम में इंस्पेक्टर नरेन्द्र सिंह बिष्ट और कांस्टेबल वसीम ने पुलिस टीम के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button