उत्तरप्रदेश

राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच–931) चौड़ीकरण के लिए पेड़ों की कटाई शुरु

अमेठी। प्रतापगढ़-अमेठी-गौरीगंज-मुसाफिरखाना राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच–931) के चौड़ीकरण कार्य की दिशा में पहला चरण शुरू हो गया है। केंद्रीय मंत्री अमेठी सांसद स्मृति ईरानी के प्रयासों से एनएच 931 फेज 2 के तहत प्रतापगढ़ से मुसाफिरखाना के बीच बने हाईवे को 10 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। वन निगम ने सहजीपुर से मुसाफिरखाना तक सड़क की परिधि में आने वाले पेड़ों की कटाई आरंभ कर दी है। इस कार्य में कुल 13,915 पेड़ हटाए जाने हैं, जिनमें करीब 2,500 फलदार पेड़ भी शामिल हैं।

वन निगम ने कटान कार्य को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के लिए कई टीमें तैनात की हैं। प्रत्येक टीम अपने निर्धारित क्षेत्र में पेड़ों की पहचान और कटाई का कार्य कर रही है। अनुबंध अधिकारी अमित पांडेय ने बताया कि काम पूरी गति से चल रहा है और नवंबर के अंतिम सप्ताह तक सभी पेड़ों की कटाई पूरी कर ली जाएगी। पेड़ों की कटाई के बाद समान संख्या में पौधरोपण किया जाएगा ताकि पर्यावरणीय संतुलन बना रहे।

इसके लिए सड़क किनारों और सरकारी भूमि की पहचान की जा रही है। विभाग ने बताया कि जहां-जहां पेड़ों की कटाई की जा रही है, वहां सुरक्षा और सावधानी का ध्यान रखा जा रहा है। कटान कार्य के पूरा होते ही निर्माण एजेंसी को भूमि हस्तांतरित कर दी जाएगी ताकि सड़क का काम तय समय में शुरू हो सके। हाईवे चौड़ीकरण से प्रतापगढ़, गौरीगंज, अमेठी और मुसाफिरखाना के बीच आवागमन और तेज व सुगम होगा। इससे भारी वाहनों को भी सुचारू मार्ग मिलेगा और दुर्घटनाओं की संभावना घटेगी।

हाईवे के चौड़ीकरण पूरा होने पर यह मार्ग चिलबिला ओवरब्रिज, बिहारगंज, गड़वारा, बाबूगंज, सहजीपुर, मिश्रौली, अमेठी, तालाखजुरी, गौरीगंज और मुसाफिरखाना के बीच संपर्क को सुदृढ़ करेगा। हाईवे के दोनों ओर बसे कस्बों को आवागमन और व्यापार में बड़ी राहत मिलेगी।

68.3 किलोमीटर लंबा होगा चौड़ा मार्ग
एनएच-931 का निर्माण कार्य 68.3 किलोमीटर क्षेत्र में किया जा रहा है। इस पर 900 करोड़ रुपये की लागत आएगी। सड़क की चौड़ाई सात मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर की जाएगी। चौड़ीकरण के साथ तीन बाईपास और एक रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) भी बनाए जाएंगे, जिससे मार्ग पर जाम की समस्या कम होगी और यातायात सुगम रहेगा।अमेठी जनपद में ठेंगहा गांव के पास से ढाई किलोमीटर लंबा व जिला मुख्यालय गौरीगंज पर टिकरिया के पास से रग्घूपुर, मिश्रौली, हरखपुर होते हुए साढ़े चार किलोमीटर लंबा बाईपास निकाला जाएगा।

अमेठी जनपद में ठेंगहा गांव के पास से ढाई किलोमीटर लंबा व जिला मुख्यालय गौरीगंज पर टिकरिया के पास से रग्घूपुर, मिश्रौली, हरखपुर होते हुए साढ़े चार किलोमीटर लंबा बाईपास निकाला जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button