उत्तराखण्ड

वरिष्ठ पत्रकार गोपाल रावत के घर चोरी का खुलासा एक आरोपी गिरफ्तार

चार लाख रुपये की चोरी में 1.20 लाख रुपये बरामद

नशे की लत पूरी करने के लिए दिया था वारदात को अंजाम
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस ने वरिष्ठ पत्रकार गोपाल रावत के घर से चार लाख रुपये की नगदी चोरी होने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से खर्च के बाद बची 1 लाख 20 हजार रुपये की नगदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी स्मैक और हेरोइन के नशे का आदी है और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक बीती 7 अक्टूबर को श्रवणनाथ नगर निवासी पत्रकार गोपाल रावत ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर चार लाख रुपये की नगदी चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चोरी की घटना के खुलासे और नगदी की बरामदगी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से लेकर हरिद्वार शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल सर्विलांस तथा सुरागरसी-पतारसी के माध्यम से आरोपी की तलाश की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 18 अक्टूबर को दविंदर नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हेरोइन और स्मैक के नशे का आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी के बाद वह दिल्ली और हिमाचल प्रदेश गया, जहां उसने कथित तौर पर चोरी की रकम नशे और वेश्यावृत्ति पर खर्च कर दी। पुलिस ने उसके कब्जे से खर्च के बाद बची 1 लाख 20 हजार रुपये की नगदी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दविंदर पुत्र किशोर निवासी वार्ड नंबर 7 जिला सांबा जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। चोरी के मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, उपनिरीक्षक विक्रम सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल प्रेम सिंह, हेड कांस्टेबल संजीव राणा, कांस्टेबल अमित भट्ट और कांस्टेबल हरीश रतूड़ी शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button