पुष्प वर्षा के साथ नगर परिक्रमा में गूंजे श्री गुरु राम राय जी महाराज के जयकारे
श्री गुरु महाराज जी की प्यारी संगतों के साथ नगर परिक्रमा में शामिल हुए दूनवासी

ऐतिहासिक नगर परिक्रमा में दूनवासियों ने गुरु की संगत का किया जोरदार स्वागत
श्री गुरु महाराज जी की प्यारी संगतों के साथ नगर परिक्रमा में शामिल हुए दूनवासी
देहरादून। दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज देहरादून के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की अगुआई में मंगलवार को ऐतिहासिक नगर परिक्रमा निकली। 25 हज़ार से अधिक संगतें नगर परिक्रमा में शामिल हुईं।

श्री दरबार साहिब से सुबह 7.30 बजे नगर परिक्रमा शुरू हुई। जहां-जहां से नगर परिक्रमा निकली दूनवासियों ने तहेदिल से संगतों का पुष्पवर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया। नगर परिक्रमा के दौरान रास्ते भर दूनवासी श्री गुरु राम राय जी महाराज व श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के जयकारे लगाते रहे। सिद्धयोगी श्री गुरु राम राय जी महाराज के जन्मदिवस (श्री झण्डे जी आरोहण के तीसरे दिन) के तीसरे दिन आयोजित होने वाली ऐतिहासिक नगर परिक्रमा का स्वागत करने के लिए दूनवासी साल भर प्रतीक्षा करते हैं।
नगर परिक्रमा के रूट पर हर जगह संगत का ज़ोरदार स्वागत किया गया। भजन कीर्तन के बीच श्रद्धालुओं को श्री दरबार साहिब के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने आशीर्वाद दिया। दूनवासियों ने ऐतिहासिक नगर परिक्रमा के रूट पर जगह जगह लंगर व खान-पान की समुचित व्यवस्था सहित आर्कषक स्वागत व्यवस्था की।

श्री दरबार साहिब परिसर से सुबह 7 बजकर 30 मिनट पर ऐतिहासिक नगर परिक्रमा शुरू हुई। नगर परिक्रमा कांवली रोड होते हुए श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, बिंदाल पहुंची। यहां संगत को चने, मुरमुरे व गुड़ का प्रसाद वितरित किया गया। यहां से नगर परिक्रमा तिलक रोड, टैगोर विला, घण्टाघर पर पहुंची। नगर परिक्रमा के घण्टाघर पहुंचने पर कुछ समय के लिए मानो सबकुछ थम सा गया। ढोल की थाप पर दूनवासियों ने पूरे स्नेहपूर्वक बाहें फैलाकर गुरु संगत का पुष्पवर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया। संगत श्री गुरु राम राय जी महाराज के जयकारे लगाती व दून के श्रद्धालु उन पर फूलों की बारिश कर देते। इस नज़ारे का साक्षी बनने के लिए हजारों की तादाद में श्रद्धालु घण्टाघर व आसपास के क्षेत्र में डटे रहे।




