उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान गंगा में डूबी किशोरी

गोताखोरों और बचाव दल ने संभाला मोर्चा
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान पंतदीप पार्किंग के समीप गंगा में एक 16 वर्षीय किशोरी के डूबने से हड़कंप मच गया। डोईवाला देहरादून निवासी प्रीति सैनी प्रतिमा विसर्जन के दौरान गंगा की धारा में डूबकर लापता हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर मदद के लिए गुहार लगाई। सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा और किशोरी की तलाश में सर्च अभियान शुरू किया।
बताया जा रहा है कि गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए श्रद्धालु पंतदीप पार्किंग के समीप गंगा तट पर पहुंचे थे। इसी दौरान 16 वर्षीय प्रीति सैनी गंगा में डूब गई। देखते ही देखते वह पानी की तेज धारा में लापता हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। परिजनों और साथ आए लोगों की आंखों के सामने किशोरी के गंगा में समाने से उनके बीच चीख-पुकार मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। गोताखोरों की टीम को गंगा में उतारा गया और संभावित स्थानों पर किशोरी की तलाश की जा रही है। बचाव दल गंगा की धारा और आसपास के क्षेत्र में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहा है। पुलिस की ओर से भी घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।
हादसे की सूचना किशोरी के परिजनों को दी गई है। प्रीति के गंगा में लापता होने की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन मौके पर पहुंचकर उसके सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। पुलिस और बचाव दल की टीम लगातार किशोरी की तलाश में जुटी है। समाचार लिखे जाने तक प्रीति का कोई सुराग नहीं मिल सका था और तलाश अभियान जारी था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button