सुप्रीम कोर्ट ने कल महाराष्ट्र विधानसभा में बहुमत परीक्षण के लिए दी हरी झंडी

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को महाराष्ट्र विधानसभा में गुरुवार को होने वाले फ्लोर टेस्ट पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। यही नहीं शीर्ष अदालत ने जेल में बंद एनसीपी नेताओं नवाब मलिक और अनिल देशमुख को महाराष्ट्र विधानसभा में फ्लोर टेस्ट की कार्यवाही में भाग लेने की इजाजत दे दी। शीर्ष अदालत ने कहा कि चूंकि नवाब मलिक और अनिल देशमुख प्रवर्तन निदेशालय और सीबीआई की न्यायिक हिरासत में हैं, इसलिए दोनों एजेंसियों को उन्हें फ्लोर टेस्ट में भाग लेने के लिए विधानसभा ले जाने का निर्देश दिया जाता है।
महाराष्ट्र का सियासी घमासान निर्णायक मोड़ की तरफ बढ़ रहा है। एक तरफ भाजपा ने यहां सरकार बनाने की कवायद तेज कर दी है तो दूसरी तरफ शिंदे गुट के विधायक भी गुवाहाटी के होटल से निकल चुके हैं। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के राज्यपाल को चिट्ठी लिखकर फ्लोर टेस्ट कराने की मांग कर चुके हैं। उन्होंने मंगलवार शाम राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात भी की थी। वहीं फ्लोर टेस्ट के खिलाफ शिवसेना सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई है। उधर शिंदे गुट अपने समर्थक विधायकों को गोवा शिफ्ट कराने की तैयारी में है।
09:21 PM, 29-JUN-2022
मलिक और देशमुख बहुमत परीक्षण में भाग ले सकेंगे
सुप्रीम कोर्ट ने जेल में बंद एनसीपी नेताओं नवाब मलिक और अनिल देशमुख को कल महाराष्ट्र विधानसभा में बहुमत परीक्षण की कार्यवाही में भाग लेने की अनुमति दी।
09:17 PM, 29-JUN-2022
सुनील प्रभु की याचिका पर 11 जुलाई को सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने शिवसेना के मुख्य सचेतक सुनील प्रभु की याचिका पर नोटिस जारी किया और कहा कि कल का शक्ति परीक्षण वर्तमान याचिका के परिणाम के अधीन होगा। कोर्ट उनकी याचिका पर 11 जुलाई को सुनवाई करेगा।
09:15 PM, 29-JUN-2022
नवाब मलिक और अनिल देशमुख की याचिकाओं पर सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट अब जेल में बंद एनसीपी नेताओं नवाब मलिक और अनिल देशमुख द्वारा दायर याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा है, जिसमें कल फ्लोर टेस्ट में वोट देने की अनुमति मांगी गई थी।
09:12 PM, 29-JUN-2022
सुप्रीम कोर्ट ने बहुमत परीक्षण के लिए हरी झंडी दी
सुप्रीम कोर्ट ने कल महाराष्ट्र विधानसभा में बहुमत परीक्षण के लिए हरी झंडी दे दी है। अदालत ने आदेश सुनाते हुए कहा कि हम कल के फ्लोर टेस्ट को नहीं नहीं रोक रहे हैं। राज्यपाल द्वारा दिया गया बहुमत परीक्षण का आदेश जारी रहेगा। 08:34 PM, 29-JUN-2022
विवेक फनसालकर मुंबई के नए पुलिस आयुक्त होंगे
महाराष्ट्र सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी विवेक फनसालकर को मुंबई का पुलिस आयुक्त नियुक्त किया है। मौजूदा सीपी संजय पांडे कल सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
08:29 PM, 29-JUN-2022
सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा
सुप्रीम कोर्ट ने शिवसेना के मुख्य सचेतक सुनील प्रभु द्वारा दायर याचिका पर फैसला सुरक्षित रखा, जिसमें महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी द्वारा सीएम उद्धव ठाकरे को 30 जून को सदन के पटल पर बहुमत का समर्थन साबित करने के निर्देश को चुनौती दी गई थी। सुप्रीम कोर्ट रात 9 बजे अपना फैसला सुनाएगा।
08:13 PM, 29-JUN-2022
राज्यपाल की ओर से एसजी तुषार मेहता ने बहस शुरू की
महाराष्ट्र के राज्यपाल की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने बहस शुरू की। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा- सबसे पहले, यह तर्क कि इस अदालत ने स्पीकर को रोका है, गलत है। यह आदेश नहीं है, बल्कि कानून है जिसने उन्हें प्रतिबंधित किया है।
08:09 PM, 29-JUN-2022
भाजपा विधायक होटल ताज पहुंचने लगे
बहुमत परीक्षण की संभावना के मद्देनजर भाजपा विधायक होटल ताज पहुंचने लगे हैं।




