त्योहारी सीजन में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
आरटीओ प्रवर्तन ने तेज की तैयारी, हेलमेट से लेकर ड्रंक एंड ड्राइव तक पर रहेगी नजर

देहरादून। आगामी त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग ने कमर कस ली है। त्योहारों और वीकेंड पर पर्यटकों व स्थानीय नागरिकों की आवाजाही बढ़ने के कारण सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमें सघन चेकिंग अभियान चलाएंगी।
आरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. अनीता चमोला ने बताया कि अभियान के दौरान कमर्शियल और निजी वाहनों के दस्तावेजों की गहन जांच की जाएगी। दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग को सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही ओवरस्पीडिंग और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए स्पीड रडार गन और शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच के लिए एल्कोमीटर का इस्तेमाल किया जाएगा। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वालों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने पर चालान के साथ नियमानुसार वाहन सीज करने और चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने जैसी कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग का उद्देश्य त्योहारी सीजन के दौरान बढ़ते यातायात दबाव को नियंत्रित करना, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और आमजन को सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराना है। विभाग ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की अपील की है।




