चोरी हुआ 35 लाख का ट्रक 48 घंटे में बरामद दो गिरफ्तार

हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। माइनिंग चेकपोस्ट से चोरी हुआ करीब 35 लाख रुपये कीमत का 12 टायरा ट्रक पुलिस ने महज 48 घंटे में बरामद कर लिया। कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने मामले में दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए ट्रक की नंबर प्लेट तक हटा दी थी और उसे जंगल की झाड़ियों में छिपा दिया था।
श्यामपुर क्षेत्र स्थित माइनिंग चेकपोस्ट से ट्रक चोरी होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सोमवार को पुलिस ने दो संदिग्धों शहजाद परवेज (38) निवासी नजीबाबाद और हबीब खां (55) निवासी नजीबाबाद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की बात कबूल की और ट्रक को गैण्डीखाता क्षेत्र के जंगल में छिपाना बताया। पुलिस टीम आरोपियों को लेकर मौके पर पहुंची और उनकी निशानदेही पर झाड़ियों के बीच से लाल रंग का 12 टायरा ओपन बॉडी ट्रक बरामद कर लिया। चेसिस और इंजन नंबर के सत्यापन से ट्रक के चोरी के मुकदमे से संबंधित होने की पुष्टि हुई।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। मामले में चोरी के वाहन की बरामदगी के बाद संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


