उत्तराखण्ड

साइबर ठगी से बचाव को लेकर स्कूली बच्चों को किया जागरूक

हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को कनखल थाना पुलिस की ओर से एसएम पब्लिक स्कूल में छात्र-छात्राओं के लिए साइबर जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। पुलिस टीम ने बच्चों को बढ़ते साइबर अपराधों और विशेष रूप से एआई वॉयस क्लोनिंग व वॉयस फ्रॉड के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि साइबर ठग अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से माता-पिता और रिश्तेदारों की आवाज की हूबहू नकल कर लोगों को फोन कर रहे हैं। ठग हादसा होने या किसी अन्य आपात स्थिति का झांसा देकर तत्काल रुपये भेजने के लिए कहते हैं। पुलिस ने बच्चों को समझाया कि किसी अनजान नंबर से परिचित की आवाज में पैसे की मांग होने पर बिना पुष्टि किए रकम न भेजें और पहले वीडियो कॉल या किसी अन्य माध्यम से संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर स्थिति की पुष्टि करें।
गोष्ठी में बच्चों को आधार कार्ड की जानकारी, बैंक ओटीपी और यूपीआई पिन किसी से साझा न करने की हिदायत दी गई। साथ ही अनजान लिंक, लॉटरी, केबीसी, नौकरी अथवा अन्य प्रलोभन के नाम पर भेजे जाने वाले लिंक पर क्लिक न करने के लिए भी जागरूक किया गया। पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें या साइबर अपराध की शिकायत साइबरक्राइम डॉट जीओवी डॉट इन पर दर्ज कराएं।
स्कूल के प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने हरिद्वार पुलिस के साइबर जागरूकता अभियान की सराहना की। वहीं, छात्र-छात्राओं ने भी साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। गोष्ठी में उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता, अपर उपनिरीक्षक ललित मोहन और कांस्टेबल प्रलव चौहान मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button