सतपाल महाराज और डॉ. धन सिंह रावत ने खैरासैंण महाविद्यालय भवन का किया उद्घाटन

सतपुली झील निर्माण कार्यों का भी लिया जायजा
सतपुली (पौड़ी)। प्रदेश के लोक निर्माण, सिंचाई, पर्यटन, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री तथा चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रविवार को सतपुली के खैरासैंण में नवनिर्मित राजकीय महाविद्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर दोनों मंत्रियों ने इसे क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि यह केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि सतपुली और खैरासैंण क्षेत्र में शिक्षा, भविष्य और आत्मनिर्भरता की नई नींव रखने जैसा है। उन्होंने कहा कि पहाड़ के दूरस्थ क्षेत्रों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए छात्र-छात्राओं, विशेषकर बेटियों को लंबे समय से कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब इस आधुनिक महाविद्यालय भवन के निर्माण से स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक कक्षाओं, विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब और पुस्तकालय जैसी सुविधाओं से युक्त यह महाविद्यालय राज्य सरकार की “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” नीति का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विभागीय अधिकारियों और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए महाविद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से इस संस्थान को ज्ञान और उत्कृष्टता का केंद्र बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय सचिव बृजमोहन, उच्च शिक्षा निदेशक बी.आर. खाली, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय, भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश नैथानी, सर्वेन्द्र सिंह, भाजपा युवा मोर्चा जिला महामंत्री पंकज डोबरियाल, गणेश रावत, अंकित ठाकुर और सुरेन्द्र बिष्ट सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सतपुली झील निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
महाविद्यालय उद्घाटन के बाद कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने सतपुली में निर्माणाधीन बहुप्रतीक्षित झील परियोजना का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि सतपुली नगर पंचायत क्षेत्र में 56 करोड़ 34 लाख 97 हजार रुपये की लागत से झील निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। झील के निर्माण से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय व्यापार को मजबूती मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।




