उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति
बदरीनाथ में जम गई ऋषि गंगा, पर्वतीय इलाकों में रविवार को बारिश-बर्फबारी की संभावना

ज्योतिर्मठ (चमोली) । बदरीनाथ धाम में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बारिश नहीं होने से यहां रात को जमकर पाला गिर रहा है। इससे धाम का तापमान माइनस आठ से दस डिग्री तक पहुंच रहा है। स्थिति यह है कि धाम में बहने वाले नदी नाले जम गए हैं। बदरीनाथ में ऋषि गंगा झरने के रूप में बहती है, ठंड में झरना पहाड़ी पर ही जमकर बर्फ बन गया है।
कपाट बंद होने के बाद से बदरीनाथ में आवाजाही बंद है। धाम में वर्तमान में सुरक्षा बल, बीकेटीसी के कुछ कर्मचारी और मास्टर प्लान के कार्य में लगे मजदूर ही रह रहे हैं। बारिश नहीं होने से पूरे क्षेत्र में कोरी ठंड पड़ रही है और रात को जमकर पाला गिर रहा है। तापमान में लगातार गिरावट होने से धाम में नदी नाले जम रहे हैं। ऋषि गंगा का पानी पहाड़ी पर झरनके की आकृति में जम गया है। धाम में बहने वाले अन्य छोटे नाले भी जम रहे हैं।




