उत्तराखण्ड

खुलासा : प्रेम प्रसंग और विवाद में युवती की हत्या; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

बहादराबाद/ हरिद्वार (बी बी चंदेला ) l कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में एक ब्लाइंड मर्डर केस का सफल खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार युवती की हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग, आपसी विवाद और ब्लैकमेल की आशंका कारण बनी।

पुलिस के मुताबिक 24 जुलाई 2026 को ग्राम अलीपुर निवासी मोमिन ने अपनी पुत्री शहनुमा की हत्या का आरोप गांव के ही नावेद पुत्र रियासत एवं उसके परिजनों पर लगाते हुए तहरीर दी थी। इस आधार पर कोतवाली बहादराबाद में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान आरोपी घर से फरार मिला और मृतका का शव भी बरामद नहीं हुआ था, जिससे मामला पूरी तरह ब्लाइंड बना रहा। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

27 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी भगवानपुर चंदनपुर क्षेत्र में अपने रिश्तेदारों के यहां छिपा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने तालाब के पास संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने अपनी पहचान नावेद पुत्र रियासत निवासी अलीपुर के रूप में बताई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका मृतका शहनुमा से प्रेम संबंध था, लेकिन समय के साथ दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे। आरोपी के अनुसार एक पारिवारिक शादी में युवती के डीजे पर डांस करने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद वह स्वयं को ब्लैकमेल महसूस करने लगा और हत्या की योजना बना ली।

पुलिस के अनुसार आरोपी युवती को कलियर ले गया, जहां दोनों एक होटल में रुके। अगले दिन तड़के सुनसान स्थान पर ले जाकर उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को गंगनहर में फेंक दिया। आरोपी ने पुलिस को मृतका का मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी बरामद कराया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नावेद (28 वर्ष) पुत्र रियासत, निवासी ग्राम अलीपुर, कोतवाली बहादराबाद, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। मामले के खुलासे में बहादराबाद पुलिस और सीआईयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button