चार दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को 5- 5 लाख की सहायता की संस्तुति
गंभीर बीमारी से ग्रसित वरिष्ठ पत्रकार को भी मिलेगी 5 लाख की आर्थिक सहायता

चार वरिष्ठ पत्रकारों को 8 हजार मासिक पेंशन देने का प्रस्ताव
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय में पत्रकार कल्याण कोष (कॉरपस फंड) एवं मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना से संबंधित समितियों की बैठक आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में पत्रकारों के कल्याण, सम्मान और आर्थिक सहायता से जुड़े विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा की गई।
बैठक में पत्रकार कल्याण कोष से चार दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की संस्तुति की गई। इसके अतिरिक्त गंभीर बीमारी से ग्रसित एक वरिष्ठ पत्रकार को उपचार के लिए पांच लाख रुपये की सहायता देने की संस्तुति भी की गई।
वहीं, मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के अंतर्गत चार वरिष्ठ पत्रकारों को आठ-आठ हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन प्रदान करने की संस्तुति की गई। इन निर्णयों का उद्देश्य जरूरतमंद पत्रकारों एवं उनके परिजनों को आर्थिक संबल प्रदान करना है।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण, सम्मान और सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। सूचना विभाग संकटग्रस्त पत्रकारों तथा उनके आश्रितों को यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्परता से कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों के कल्याण से जुड़े मामलों पर नियमित रूप से समिति की बैठकें आयोजित कर संवेदनशीलता के साथ विचार किया जा रहा है, ताकि पात्र पत्रकारों एवं उनके परिजनों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी चंद्र सिंह तोमर, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी चेतन कुमार पाण्डेय तथा पत्रकार कल्याण कोष समिति के सदस्य गिरीश तिवारी, अमित शर्मा एवं शशि शर्मा उपस्थित रहे।


