उत्तराखण्ड

अकेले बुजुर्गों के दरवाजे पर पहुंची पुलिस, पूछा- कैसे हैं आप?

बच्चे देश-विदेश में, घर में अकेले माता-पिता
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। बच्चे नौकरी या कारोबार के सिलसिले में देश-विदेश में हैं और घर में बुजुर्ग माता-पिता अकेले रह रहे हैं। ऐसे वरिष्ठ नागरिकों की चिंता अब हरिद्वार पुलिस ने अपने जिम्मे ली है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर कनखल पुलिस घर-घर पहुंच कर 60 वर्ष से अधिक उम्र के अकेले रह रहे बुजुर्गों की कुशलक्षेम पूछ रही है।
कनखल थाना पुलिस ने क्षेत्र में एकल निवास कर रहे वरिष्ठ नागरिकों का रजिस्टर तैयार किया है। पुलिस इन बुजुर्गों से नियमित संपर्क बनाए रखने के साथ उनकी समस्याओं पर भी तत्काल कार्रवाई कर रही है। पुलिस का उद्देश्य है कि किसी भी आपात स्थिति में बुजुर्गों को तत्काल मदद मिल सके।
पुलिसकर्मियों को अपने दरवाजे पर देखकर कई बुजुर्ग भावुक भी हो उठे। उन्होंने कहा, “हम अकेले थे, लेकिन आपको देखकर लग रहा है कि किसी को हमारी भी फिक्र है।”
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक कोविड काल की तरह ही वरिष्ठ नागरिकों की नियमित निगरानी और उनकी जरूरतों का ध्यान रखा जा रहा है। कनखल पुलिस की इस पहल की क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों ने सराहना की है।
हरिद्वार पुलिस का संदेश साफ है—बच्चे भले दूर हों, लेकिन बुजुर्ग अकेले नहीं हैं। पुलिस हर कदम पर उनके साथ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button