उत्तराखण्ड

पेट्रोल पंप लूट का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार/भगवानपुर (चंद्रशेखर जोशी)। सिकंदरपुर स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर तमंचे के बल पर हुई 9,500 की लूट का भगवानपुर पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 3,000 रुपए नकद वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 315 बोर का देशी तमंचा बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान वंश उर्फ कृष पुत्र अशोक उर्फ नारायण निवासी बहेड़ी गुर्जर थाना गागलहेड़ी, सहारनपुर और अमित उर्फ प्रिन्स पुत्र नाथीराम निवासी साधारणसिर थाना नागला सहारनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक 24 सितंबर की देर रात दोनों आरोपी सिकंदरपुर स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम पंप पर पहुंचे और 40 रुपए का पेट्रोल भरवाया। इसके बाद उन्होंने पंप कर्मी को 200 का नोट दिया। कर्मी ने 160 रुपए वापस लौटाने के दौरान आरोपियों ने उसके हाथ में रखे करीब 9,500 रुपये लूट लिए। कर्मी ने उनका पीछा करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। घटना के संबंध में कोतवाली भगवानपुर में मुकदमा मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और वारदात के खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार चेकिंग शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र भी सक्रिय किया। इसी क्रम में 26 सितंबर की देर रात सिकंदरपुर-सिरचंदी मार्ग पर चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने पेट्रोल पंप लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही और कब्जे से लूट की रकम में से बचे तीन हजार घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 315 बोर का देशी तमंचा बरामद किया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीव चौहान, उपनिरीक्षक मुकेश नोटियाल, हेड कांस्टेबल गीतम सिंह, हेड कांस्टेबल सिकंदर तोमर, कांस्टेबल रविंद्र राणा, कांस्टेबल रमेश चौहान और कांस्टेबल उवैदुल्ला शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button