उत्तराखण्ड

दर्दनाक सड़क हादसा: रामनगर में तेज रफ्तार बस ने 6 को कुचला, दो की मौके पर ही मौत, चार घायल

रामनगर (नैनीताल)। सोमवार सुबह रामनगर से करीब 22 किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धनगढ़ी नाले के पास छह लोग बरसाती पानी का जलस्तर कम होने का इंतजार कर रहे थे, तभी पीछे से आई एक तेज रफ्तार बस ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों की पहचान सुरेंद्र सिंह पंवार (53 वर्ष) और वीरेंद्र शर्मा (42 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों शिक्षक थे और रोजाना की तरह अपने घर से स्कूल जा रहे थे। सुरेंद्र सिंह गंगोत्री विहार, रामनगर के निवासी थे और वीरेंद्र शर्मा मानिला विहार, चोरपानी के रहने वाले थे। दोनों हरणा सल्ट में शिक्षक के पद पर तैनात थे।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत रामनगर संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। घायलों में ललित पांडे, सत्य प्रकाश, दीपक शाह और सुनील राज शामिल हैं। इनमें से तीन शिक्षक बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त धनगढ़ी नाले के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी थीं। सभी लोग जलस्तर कम होने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान बस तेज गति से आई और लोगों को कुचल दिया। प्राथमिक जांच में बस के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बरसात में धनगढ़ी नाले में खतरा बढ़ जाता है, लेकिन आज तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button