पल्स पोलियो अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले नर्सिंग छात्रों को किया गया सम्मानित

हरिद्वार /बहादराबाद( बी बी चंदेला ) l अरिहंत कॉलेज ऑफ नर्सिंग के छात्र-छात्राओं को पल्स पोलियो अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि देश की युवा शक्ति हर परिस्थिति में राष्ट्र निर्माण के लिए सदैव तैयार रहती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हित में संचालित कार्यक्रमों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) हरिद्वार डॉ. आर.के. सिंह ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक का योगदान आवश्यक है। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि समाज और राष्ट्रहित से जुड़े अभियानों में युवाओं को आगे लाने का यह प्रयास सराहनीय है।
संस्था की अध्यक्ष राखी सजवान ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन “कल, आज और कल” थीम पर किया गया। इस दौरान “दो बूंद जिंदगी की, हर बच्चे का अधिकार”, “तंबाकू मुक्त युवा, देश का सच्चा आधार” तथा “स्वस्थ बचपन, सशक्त युवा, विकसित राष्ट्र की पहचान” जैसे संदेशों के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता और राष्ट्र निर्माण का संकल्प दिलाया गया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में अपना योगदान दे।
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) से विनोद कुमारी एवं तृषा आत्रेय ने छात्र-छात्राओं को कोटपा (COTPA) अधिनियम, तंबाकू सेवन के दुष्परिणाम तथा मानसिक स्वास्थ्य पर इसके प्रभाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर अरिहंत कॉलेज ऑफ नर्सिंग के चेयरमैन दीपक जैन, डायरेक्टर अजय कुमार, संस्था की अध्यक्ष राखी सजवान, रंजन सैनी, अभिषेक गौतम, अनुराग, दीपक, निखिल बिश्नोई, मिथुन कुमार, अशोक कुमार, प्रिंस, आर्यन, अमित, चारु, मनीष कुमार, विजयंत, विपिन, तान्या, गुनगुन, मोनिका, महक, झलक सहित अन्य छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




