उत्तराखण्ड

नवनियुक्त राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने किए बदरीनाथ धाम के दर्शन

परिवार सहित पहुंचे बद्री विशाल के दरबार, मास्टर प्लान के तहत चल रहे विकास कार्यों का लिया जायजा

देहरादून । उत्तराखंड के नवनियुक्त राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन शनिवार को अपने परिवार के सदस्यों के साथ विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान बद्री विशाल के दर्शन कर विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
बदरीनाथ मंदिर परिसर पहुंचने पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के सदस्य धीरज मोनू पंचभैया और रजनीश भट्ट ने राज्यपाल का फूल-मालाओं और शॉल भेंट कर पारंपरिक रूप से स्वागत किया। इसके बाद राज्यपाल ने मंदिर में करीब 15 मिनट तक विशेष पूजा-अर्चना की।
दर्शन के बाद राज्यपाल ने मध्य प्रदेश के तीर्थ पुरोहित धीरज मोनू पंचभैया के पास पहुंचकर परंपरा के अनुसार बही खाते में अपना नाम दर्ज करवाया। तीर्थ पुरोहित के अनुसार, राज्यपाल ने बताया कि उनके परिवार से बदरीनाथ धाम आने वाले वह पहले व्यक्ति हैं।
इस दौरान राज्यपाल ने बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत संचालित विकास कार्यों की जानकारी भी ली। उन्होंने धाम की धार्मिक महत्ता, सांस्कृतिक विरासत और पवित्रता को अक्षुण्ण बनाए रखने पर जोर दिया।
राज्यपाल डॉ. बिसेन ने कहा कि भगवान बद्री विशाल की कृपा से उन्हें देवभूमि उत्तराखंड में दर्शन करने और राज्यपाल के रूप में प्रदेश की जनता की सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि देवभूमि है। यहां की संस्कृति, विरासत और पवित्रता की रक्षा करना सभी का प्रमुख कर्तव्य है।
उन्होंने देश-दुनिया से बदरीनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं से मंदिर परिसर की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखने में सहयोग करने तथा धाम को नशामुक्त रखने के लिए सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की। साथ ही सभी से राष्ट्रहित में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, बीकेटीसी के अधिकारी, नगर पंचायत बदरीनाथ के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित, विकास शर्मा सहित अन्य तीर्थ पुरोहित और अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button