Uncategorizedदेश

जबलपुर के निजी अस्पताल में लगी भीषण आग, आठ लोगों की मौत, CM शिवराज ने किया मुआवजे का एलान

जबलपुर: मध्यप्रदेश के जबलपुर में चंडाल भाटा क्षेत्र में न्यू लाइफ मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में सोमवार दोपहर को आग लग गई। थोड़ी ही देर में उसने विकराल रूप ले लिया। इसमें कई मरीज झुलस गए। ऑफिस के स्टाफ समेत आठ लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में चार मरीज, एक अटेंडेंट और तीन कर्मचारी बताए गए हैं। दो मरीजों की स्थिति गंभीर है। उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। अलग-अलग अस्पतालों में अन्य लोगों को भर्ती किया गया है। 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर कहा कि जबलपुर के एक अस्पताल में भीषण अग्नि दुर्घटना का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। घायलों के संपूर्ण इलाज का व्यय भी सरकार वहन करेगी।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि जबलपुर के एक निजी अस्पताल में आग लगने से कई लोगों की मृत्यु होने और बहुत से लोगों के हताहत होने का समाचार प्राप्त हुआ। यह अत्यंत पीड़ादायक घटना है। मैं मृतकों की आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं। अग्निकांड में झुलसे लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

पिछले साल आठ नवंबर को भोपाल के हमीदिया अस्पताल के शिशु वार्ड में आग लगी थी। इसमें कम से कम पांच बच्चों की मौत हुई थी। इसे लेकर भी सियासत गरमाई थी। उस समय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कहने पर सभी अस्पतालों का सेफ्टी ऑडिट किया गया था। हालांकि, जबलपुर की घटना से लगता है कि नतीजा सिफर ही रहा है। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button