
अगरतला (त्रिपुरा)। त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद माणिक साहा को त्रिपुरा के मुख्यमंत्री के रूप में दूसरा कार्यकाल मिल गया है। भाजपा विधायक दल की सोमवार को हुई बैठक में उनके नाम पर सहमति बनी थी। साहा आज (बुधवार) दूसरी बार पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहेंगे। साहा ने सोमवार शाम राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य से मुलाकात कर त्रिपुरा में सरकार बनाने का दावा पेश किया था। शपथ ग्रहण कार्यक्रम अगरतला के स्वामी विवेकानंद मैदान में आयोजित किया जाएगा। अमित शाह और नड्डा मंगलवार को ही अगरतला पहुंच चुके हैं। महाराजा बीर बिक्रम हवाई अड्डे पर माणिक साहा ने उनका स्वागत किया।
साहा ने संवाददाताओं से कहा, पिछली बार शपथ ग्रहण समारोह असम राइफल्स ग्राउंड में हुआ था और इस बार यह स्वामी विवेकानंद मैदान में होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समारोह में मौजूद रहेंगे। उन्होंने आगे कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी राज्य का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा, शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पार्टी के कई अन्य नेताओं के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।




