Uncategorizedदेशराजनीति

मल्लिकार्जुन खरगे आज ग्रहण करेंगे कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी को आज दो दशक बाद गैर-गांधी अध्यक्ष मिलने जा रहा है। उत्तर से लेकर दक्षिण भारत तक हलचल है। अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने भले ही ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कैंप में वोट डाला हो लेकिन आज वह भी दिल्ली में मौजूद रहेंगे। आज कांग्रेस के लिए बड़ा दिन है। कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज पदभार ग्रहण करेंगे। 24 साल बाद बने गैर गांधी अध्यक्ष के समारोह में अभी तक अध्यक्ष रहीं सोनिया गांधी के साथ पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी शामिल होंगी। दीपावली के चलते राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को दो दिन स्थगित करने के साथ पार्टी ने नए अध्यक्ष के पदभार ग्रहण समारोह के लिए भी भारत जोड़ो यात्रा को एक दिन आगे बढ़ाया गया है। छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल भी इस समारोह में शामिल होंगे। दिल्ली रवाना होने से पहले रायपुर में बघेल ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यभार संभालेंगे। मुझे भी इस अवसर पर उपस्थित रहने के लिए कहा गया है। इसलिए, मैं दिल्ली जा रहा हूं।

मल्लिकार्जुन खरगे को 2024 लोकसभा चुनाव से पहले सबसे पुरानी पार्टी को मजबूत करने के लिए कई चुनौतियों का सामना करना होगा। खरगे के लिए सबसे पहली चुनौती गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की है। ऐसे में आम चुनाव से पहले पार्टी को एकजुट करना उनके लिए एक बड़ी चुनौती होगी।

हिमाचल प्रदेश और गुजरात में भाजपा की मजबूत पकड़ है। ऐसे में यहां के विधानसभा चुनाव खरगे के लिए पहली चुनौती होंगे। मौजूदा समय में केवल दो राज्यों राजस्थान और छत्तीसगढ़ में ही कांग्रेस की सरकार है। हिमाचल और गुजरात की परीक्षा के बाद 2023 में नौ राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसमें उनका गृह राज्य कर्नाटक भी शामिल है। पार्टी में उनके लिए अनुभवी व युवाओं के बीच संतुलन बनाए रखना भी चुनौती होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button