जम्मू-कश्मीर में बड़ा सड़क हादसा: उधमपुर में खाई में गिरी यात्री बस, 20 लोगों की मौत, कई घायल

उधमपुर । जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 15 से 20 हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा सोमवार सुबह रामनगर क्षेत्र के कागोट गांव के पास हुआ था, जब एक यात्री बस पहाड़ी सड़क पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।
बस एक दूरदराज के गांव से उधमपुर की ओर जा रही थी, तभी एक मोड़ पर चालक का नियंत्रण खो गया और वाहन खाई में जा गिरा। हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। प्रशासन और पुलिस की टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अधिकारियों के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इलाके में शोक का माहौल है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
हादसे के बाद केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने उधमपुर के उपायुक्त से बात की और गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है और प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं।
उपराज्यपाल ने दुख जताया
वहीं जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा, “ऊधमपुर में हुआ यह दुखद सड़क हादसा दिल दहला देने वाला है. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. ईश्वर उन्हें शक्ति प्रदान करें. मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं, मैंने जिला प्रशासन, पुलिस, SDRF और स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया है कि वे प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करें.”




