देश

देश में बारिश का सबसे ज्यादा असर महाराष्ट्र और गुजरात में, उत्तराखंड में बद्रीनाथ हाईवे बंद

नई दिल्ली,  देश के कई राज्यों में भारी बारिश से हाहाकार मचा हुआ है। कई जगहों पर बारिश आसमान से आफत के रूप में गिर रही है। बारिश और बाढ़ के चलते सामान्य जनजीवन पटरी से उतर गया है। गुजरात और महाराष्ट्र में बारिश सबसे ज्यादा कहर बरपा रही है। दोनों राज्यों में अब तक 152 लोगों की मौत हो चुकी है। कई जिलों में बाढ़ की स्थिति है। उत्तराखंड के चमोली जिले में भूस्खलन के चलते बद्रीनाथ हाईवे को बंद कर दिया गया है। गुजरात, महाराष्ट्र, असम, ओडिशा और उत्तराखंड के अलावा अन्य राज्यों में बारिश की क्या स्थिति है, वो आपको बताते हैं।महाराष्ट्र में भारी तबाही, मुंबई में अलर्ट

महाराष्ट्र में भारी बारिश ने तबाही मचाई हुई है। मूसलाधार बारिश की वजह से कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। बारिश से जुड़ी घटनाओं के चलते राज्य में 1 जून से अब तक 83 लोगों की मौत हो चुकी है। कई नदियों का बहाव तेज हो गया है। माया नगरी मुंबई में भी बारिश का असर देखने को मिल रहा है। मुंबई के कइ इलाकों में पानी जमा हो गया है। जलभराव के चलते सड़कों पर लंबा जाम लग रहा है। मुंबई में अगले दो दिनों के लिए आरेंज अलर्ट जारी हुआ है।गुजरात के नवसारी में सड़कें डूबी, 6 और की मौत

वहीं, गुजरात में अलग-अलग जिलों में बीते 24 घंटों में 6 लोगों की जान चली गई है। आलम ये है कि कई गांवों का संपर्क टूट गया है। राहत और बचाव कार्य के लिए हेलीकाप्टर तैनात किए गए हैं। एनडीआरएफ के जवान भी लगातार लोगों को बचा रहे हैं। विभिन्न इलाकों से अब तक दो हजार से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू किया गया है।

राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बाढ़ प्रभावित नवसारी का दौरा किया। उन्होंने पीड़ितों से मुलाकात भी की। राज्य में बारिश और बाढ़ के कारण मौत का आंकड़ा बढ़कर 69 हो गया है।

  • मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक पूरे राज्य में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया
  • दक्षिण गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ के कई जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना
  • पीएम मोदी ने सीएम से फोन पर बातचीत की
  • पीएम ने मुख्यमंत्री को बाढ़ से प्रभावित लोगों सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया

उत्तराखंड में कई जगह भूस्खलन

उत्तराखंड में भी मूसलाधार बारिश जारी है। भारी बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है। कई सड़कें टूट गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी बुधवार को भी देहरादून समेत पांच जिलों में भारी वर्षा हो सकती है। जबकि, अन्य क्षेत्रों में हल्की वर्षा के आसार हैं

चमोली जिले में बुधवार को बारिश के चलते भूस्खलन हुआ है। भूस्खलन के चलते बद्रीनाथ हाईवे को बंद कर दिया गया है।

छत्तीसगढ़ में उफान पर नाले-नदियां

पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश के चलते नाले-नदियां उफान पर हैं। कई क्षेत्रों में सड़क संपर्क कट गया है। बस्तर जिले में भारी बारिश का सबसे ज्यादा असर दिख रहा है। बीते पांच दिनों में दो लोगों की मौत हो चुकी है।

एमपी के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति

मध्य प्रदेश के भी कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। राजधानी भोपाल में मंगलवार को झमाझम बारिश हुई। कई जिलों में बाढ़ की स्थिति है। अगले कुछ दिनों में मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

ओडिशा में सात घर ध्वस्त

ओडिशा में पिछले दो दिनों जारी बारिश भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। भारी बारिश के कारण गजपति जिले के नुआगड़ ब्लाक के नुआपल्ली गांव में पहाड़ की चट्टान खिसकने से सात घर पूरी तरह से ध्वस्त हो गए हैं। अगले 24 घंटे में इसके और अधिक सक्रिय होने की सम्भावना है। इसके प्रभाव से अगले दो दिन तक पूरे राज्य में भारी बारिश होने आशंका है।

असम में इस साल 90 लाख लोग प्रभावित

उत्तर-पूर्वी राज्य असम में इस साल बाढ़ और भूस्खलन से करीब 90 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा अब तक 192 लोगों की मौत हो चुकी है। 12 जिलों के करीब 5.39 लाख लोग अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं। 38,751 लोग अब भी आठ जिलों के 114 राहत शिविरों में रह रहे हैं।

आंध्र प्रदेश में हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

गोदावरी नदी में बाढ़ आ गई है। नदी किनारे बसे गांवों में पानी भर गया है। रेस्क्यू आपरेशन चलाकर 9,600 से अधिक ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। कोनसीमा के जिला कलेक्टर हिमांशु शुक्ला ने कहा कि 10 राहत शिविर खोले हैं। इन शिविरों में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button