कार्तिक पूर्णिमा स्नान आज: हरिद्वार हरकी पैड़ी समेत घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़, गंगा में लगाई आस्था की डुबकी

हरिद्वार l कार्तिक पूर्णिमा का पर्व हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक महत्व रखता है। कार्तिक महीने की पूर्णिमा तिथि पर देशभर में श्रद्धालु पूजा-पाठ, दीपदान और दान-पुण्य करते हैं। इस दिन पवित्र नदियों और सरोवरों में स्नान की भी विशेष मान्यता है। इसी परंपरा के तहत धर्मनगरी हरिद्वार में भी सोमवार को कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए श्रद्धालु हरकी पैड़ी समेत विभिन्न गंगा घाटों पर पहुंचे।
गंगा में डुबकी लगाकर लोगों ने पूजा-अर्चना की और दीपदान किया। स्नान पर्व को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए हैं। सोमवार रात 12 बजे से स्नान पर्व समाप्त होने तक शहर में भारी वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी। यातायात का दबाव बढ़ने पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।
ये रहेगी वाहनों के लिए व्यवस्था
– दिल्ली-मेरठ से आने वाले वाहन नारसन, मंगलौर, कोर कॉलेज, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। बैरागी कैंप, बीएचईएल और ऋषिकुल मैदान में पार्किंग रहेगी।


