कांवड़ मेला : यातायात प्लान, दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे पर कावड़ वाहनों पर प्रतिबंध

यात्रा पर निकलने से पहले यातायात व्यवस्था अवश्य देखें
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। श्रावण मास के दौरान आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध कांवड़ मेला–2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुचारु संचालन के लिए हरिद्वार पुलिस ने विस्तृत यातायात एवं रूट डायवर्जन योजना जारी कर दी है। इस वर्ष श्रावण मास 28 जुलाई 2026 से प्रारम्भ हो रहा है। श्रावण के चारों सोमवार (3, 10, 17 एवं 24 अगस्त) तथा 11 अगस्त को पड़ने वाली श्रावण शिवरात्रि के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।
पुलिस के अनुसार सामान्य दिनों में दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, देहरादून, ऋषिकेश, नैनीताल तथा नजीबाबाद से आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित मार्गों से आवागमन कराया जाएगा। वहीं कांवड़ वाहनों के लिए अलग रूट निर्धारित किए गए हैं, ताकि सामान्य यातायात प्रभावित न हो।
सहारनपुर, दिल्ली, मेरठ एवं मुजफ्फरनगर की ओर से आने वाले कांवड़ वाहनों को मंडावर, सालियर चौक, अब्दुल कलाम चौक, नगला इमरती, लक्सर एवं एसएम तिराहा होते हुए बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा। मुरादाबाद, बिजनौर एवं नजीबाबाद की ओर से आने वाले कांवड़ वाहनों को गौरीशंकर एवं नीलधारा पार्किंग तथा देहरादून–ऋषिकेश से आने वाले वाहनों को लालजीवाला एवं चमगादड़ टापू पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। कांवड़ वाहनों के लिए दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
रोडवेज एवं प्राइवेट बसों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। दिल्ली, पंजाब एवं हरियाणा से आने-जाने वाली बसें दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे से संचालित होंगी, जबकि देहरादून एवं ऋषिकेश से आने वाली बसों को मोतीचूर पार्किंग तक लाया जाएगा। नजीबाबाद मार्ग की बसों के लिए भी अलग पार्किंग एवं डायवर्जन की व्यवस्था की गई है।
भारी वाहनों पर भी चरणबद्ध प्रतिबंध लागू रहेगा। 29/30 जुलाई से 4 अगस्त तक भारी वाहनों को सीमित समय में ही प्रवेश मिलेगा, जबकि 5/6 अगस्त से 11 अगस्त 2026 तक हरिद्वार की ओर भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
चारधाम यात्रा को सुचारु बनाए रखने के लिए केदारनाथ एवं बद्रीनाथ जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, जबकि गंगोत्री एवं यमुनोत्री जाने वाले वाहन दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे का उपयोग करेंगे।
पैदल कांवड़ यात्रियों के लिए भी अलग-अलग दिशाओं के अनुसार विशेष मार्ग निर्धारित किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनी रहे।
हरिद्वार पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा प्रारम्भ करने से पहले जारी यातायात योजना का अध्ययन अवश्य करें, निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। इससे कांवड़ मेला–2026 का संचालन सुरक्षित, सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जा सकेगा।


