खुरपिया में निवेश से 75 हजार को मिलेगा रोजगार: सीएम धामी

– मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री को लिखा था पत्र, पहल पर लिया गया फैसला
– 1002 एकड़ जमीन पर विकसित 1265 करोड़ से होगा औद्योगिक शहर
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ऊधमसिंह नगर जिले के खुरपिया को स्मार्ट औद्योगिक शहर के रूप में विकसित किया जाएगा। 1002 एकड़ में बनने वाले औद्योगिक शहर में ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण व फैब्रिकेशन उद्योगों में 6180 करोड़ के निवेश की संभावना है। इससे 75 हजार लोगों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा।
पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के बाद पहली बार प्रदेश को इंडस्ट्रीज पार्क मिला है। इसके लिए सीएम धामी ने भी काफी प्रयास किए, उन्होंने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पिछले दिनों पत्र भी लिखा था। जिसके बाद केंद्रीय बैठक में इस बारे में घोषणा की गई। रुद्रपुर से 18 किमी. की दूरी पर स्थित खुरपिया में लगने वाली परियोजना की लागत 1265 करोड़ होगी। यह क्षेत्र एयर, रेल व रोड कनेक्टिविटी से जुड़ा होने से निवेशकों को आसानी होगी। .खुरपिया में नया औद्योगिक क्षेत्र बनने से पंतनगर, रुद्रपुर व काशीपुर के औद्योगिक क्षेत्र में लगे उद्योगों को भी फायदा होगा। सीएम ने कहा कि 1002 एकड़ जमीन पर 1265 करोड़ से औद्योगिक शहर विकसित होगा।
सीएम ने कहा कि राज्य में स्थापित होने वाली औद्योगिक स्मार्ट सिटी विनिर्माण क्षमता व आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे प्रदेश में निवेश में वृद्धि होगी, वहीं बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। खुरपिया को स्मार्ट औद्योगिक सिटी की सौगात देने के लिए पीएम मोदी का आभार व्यक्त करता हूं।



