
एडिलेड । भारत ने ऑस्ट्रेलिया को तीसरे और निर्णायक मुकाबले में 17 रन से हराकर 2-1 से सीरीज अपने नाम कर ली। भारतीय महिला टीम ने इस जीत के साथ इतिहास रच दिया। ऑस्ट्रेलियाई धरती पर टीम इंडिया ने पहली बार टी20 सीरीज जीती है। शनिवार को एडिलेड में खेले गए तीसरे मुकाबले में भारत ने स्मृति मंधाना (82) और जेमिमा रोड्रिग्स (59) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में छह विकेट पर 176 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम निर्धारित ओवरों में नौ विकेट खोकर सिर्फ 159 रन ही बना सकी। इस मुकाबले में भारत के लिए श्री चरणी और श्रेयंका पाटिल ने तीन-तीन विकेट लिए जबकि अरुंधति रेड्डी ने दो सफलताएं अपने नाम कीं। वहीं, रेणुका सिंह ने एक विकेट झटका।
ऑस्ट्रेलिया की पारी
177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत ही खराब हुई। श्रेयंका पाटिल ने जॉर्जिया वॉल को रेणुका के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ 10 रन बना पाईं। दूसरा विकेट रेणुका ने नाम किया। उन्होंने बेथ मूनी को पवेलियन भेजा। वह सिर्फ छह रन बना सकीं। भारत के खिलाफ निर्णायक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के लिए एश्ले गार्डनर ने सर्वाधिक 57 रनों की पारी खेली जबकि छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। इस मैच में एलिस पेरी ने एक, ग्रेस हैरिस ने एक और कप्तान सोफी मोलिनेक्स ने छह रन बनाए। वहीं, किम गार्थ और डार्सी ब्राउन क्रमश: सात और आठ रन बनाकर नाबाद रहीं।

