उत्तराखण्ड

टिहरी में भीषण सड़क हादसा: 300 मीटर गहरी खाई में गिरी गाड़ी, 8 की मौत, 2 गंभीर

हरिद्वार/ऋषिकेश से अंतिम संस्कार से लौट रहे थे सभी लोग

देहरादून/टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा थाना चंबा क्षेत्र के चंबा-कोटी नैल मार्ग पर हुआ, जहां एक यूटिलिटी पिकअप वाहन लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन में करीब 9–10 लोग सवार थे, जो घनसाली क्षेत्र के थ्योलधार गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। सभी लोग हरिद्वार/ऋषिकेश में एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।


घटना की सूचना 23 अप्रैल को डायल 112 के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही थाना चंबा पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
SDRF और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अब तक 2 घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल भिजवाया गया है, जबकि कई शवों को बाहर निकाला जा चुका है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 4 शव सड़क तक लाए गए थे, जिसके बाद अन्य शवों को निकालने का अभियान जारी रहा।


जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल भी मौके पर मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। प्रशासन द्वारा पूरे अभियान को तेजी से चलाया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को संबल देने की प्रार्थना की। साथ ही अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है, जबकि क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button