पहाड़ से मैदान तक झमाझम बारिश, मौसम विज्ञान केंद्र ने रेड अलर्ट किया जारी
तीन जिलों में कल स्कूल रहेंगे बंद, पहाड़ी से गिरा भारी मलबा और बोल्डर

उत्तराखंड में आज मौसम ने करवट बदली। सुबह से ही पहाड़ से मैदान तक झमाझम बारिश हो रही है। वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून समेत हरिद्वार, पौड़ी, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी जिले में बिजली चमकने के साथ भारी से भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
तीन जिलों में कल स्कूल रहेंगे बंद
मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 13 सितंबर को जनपद बागेश्वर, हरिद्वार और उत्तरकाशी में भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया गया है। किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए दोनों जिलों में कक्षा 01 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थान, आंगनबाडी केंद्रों में कल एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
पहाड़ी से गिरा भारी मलबा और बोल्डर

चमोली कर्णप्रयाग में कमेड़ा के निकट दो स्थानों पर बृहस्पतिवार को पहाड़ी से मलबा और बोल्डर आने से बदरीनाथ हाईवे करीब एक घंटे तक बंद रहा। जेसीबी मशीन से मलबा हटाए जाने के बाद हाईवे यातायात के लिए सुचारु हुआ। सुबह से जारी बरसात के कारण पहाड़ी से मलबा आने व बोल्डर टूटने के कारण बदरीनाथ हाइवे कमेड़ा स्लाइडिंग जोन और पेट्रोल पंप के निकट बाधित हो गया।
सुबह सात बजे करीब हाइवे बंद होने से दोनों ओर वाहन फंसे रहे। एनएचआइडीसीएल द्वारा जेसीबी मशीन से मलबा साफ करने के बाद आठ बजे करीब हाईवे को छोटे बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया ।




