बुलंदशहर में बस और मैक्स की जोरदार टक्कर, 11 की मौत और 25 घायल

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। रक्षाबंधन मनाने घर जा रहे मजदूरों की पिकअप को बस ने टक्कर मार दी। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई बच्चों समेत 28 लोग घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद की एक ब्रेड कंपनी में मजदूरी करने वाले करीब 35 से अधिक मजदूर पिकअप में गाजियाबाद से अलीगढ़ जनपद की तहसील अतरौली के गांव रायपुर में रक्षाबंधन का त्योहार मनाने के लिए जा रहे थे। जैसे ही सलेमपुर थाने के पास पहुंचे तो यहां तेज रफ्तार डग्गामार बस ने ओवरटेक के दौरान पिकअप को टक्कर मार दी। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हुए हैं। घायल आठ लोगों को हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि शेष 21 लोगों का जिला अस्पताल व निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।


