सेहत: क्या डायबिटीज रोगी खा सकते हैं आम, जानिए

गर्मी का यह मौसम कई प्रकार के मौसमी फलों और सब्जियों के लिए खास माना जाता है। तरबूज-खरबूज और ककड़ी जैसे पानी से भरपूर फलों के साथ रसीले और स्वादिष्ट आम, इस मौसम को काफी खास बनाते हैं। आम को फलों का राजा भी कहा जाता है, ये न सिर्फ स्वाद के मामले में लोगों के लिए काफी पसंदीदा फल रहे हैं, साथ ही इसमें मौजूद पोषक तत्वों के भंडार को सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद माना जाता है।प्रोटीन, फैट, शुगर, फाइबर, फोलैट और विटामिन-ए और ई की मात्रा, इस फल को काफी सेहदमंद बनाती है। पर क्या सभी लोगों के लिए आम खाना फायदेमंद हो सकता है?
आम चूंकि स्वाद में काफी मीठे होते हैं, ऐसे में लोगों के मन में सवाल रहता है कि क्या जिन लोगों को डायबिटीज की समस्या है, वह भी इसका सेवन कर सकते हैं? क्या आम खाने से ब्लड शुगर का स्तर बढ़ने का खतरा होता है? अगर आपको भी डायबिटीज की समस्या है तो आपके भी मन में यह सवाल जरूर आता होगा। आइए आगे इस बारे में विस्तार से समझने की कोशिश करते हैं कि क्या शुगर के मरीज आम खा सकते हैं?
अध्ययनों से क्या पता चला?
आम कई प्रकार के विटामिन, खनिज और फाइबर से भरपूर होते हैं। शरीर को स्वस्थ बनाए रखने के लिए नियमित रूप से इन प्रमुख पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है। स्वाद में मीठा होने के कारण डायबिटीज रोगियों के लिए आम के सेवन को लेकर संशय बना रहता है। इस संबंध में अमेरिकी संस्थानों द्वारा किए गए अध्ययनों से पता चलता है कि कम मात्रा में आम खाने से ग्लूकोज के ब्रेकडाउन में मदद मिलती है और इंसुलिन प्रतिरोध भी कम हो सकता है। हालांकि सभी डायबिटीज रोगियों की स्थिति अलग होती है, ऐसे में इसके सेवन से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर ले लें।
ग्लाइसेमिक इंडेक्स के लिहाज से आम का सेवन
डायबिटीज रोगियों को आहार का चयन करने से पहले उसके ग्लाइसेमिक इंडेक्स (जीआई) का ध्यान रखने की सलाह दी जाती है। 55 से कम रैंक वाली चीजों को मधुमेह रोगियों के लिए बेहतर माना जाता है। आम का जीआई 51 होता है, जो तकनीकी रूप से इसे लो-ग्लाइसेमिक आहार के रूप में वर्गीकृत करता है। इस हिसाब से डायबिटीज में आम का सेवन किया जा सकता है।फिर भी, आपको यह ध्यान रखना चाहिए कि भोजन के प्रति लोगों की शारीरिक प्रतिक्रियाएं अलग-अलग होती हैं।